भुवनेश्वर, 8 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने गुरुवार को जल संसाधन मंत्री उमा भारती से आग्रह किया कि वह छत्तीसगढ़ सरकार को कलमा बैराज का द्वार खोलने का सुझाव दें, ताकि महानदी में पानी का निर्बाध प्रवाह सुनिश्चित हो सके।
प्रधान ने कहा कि पानी का निर्बाध प्रवाह ओडिशा के लोगों की मुश्किलों को कम करेगा।
प्रधान ने उमा भारती को एक पत्र में लिखा है, “महानदी बेसिन के ऊपरी तरफ से गैर मानसून प्रवाह से प्राप्त जल में हीराकुंड जलाशय में महत्वपूर्ण गिरावट दिख रही है। इसमें चिंताजनक रूप से मई महीने में 78 फीसदी से ज्यादा की कमी आई है।”
उन्होंने कहा कि प्रवाह के रुकने से नीचे के क्षेत्रों में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इससे जून के महीने में जिलों की पानी की जरूरत प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा, “यदि इस प्रवृत्ति को जारी रखने की अनुमति रही तो फिर हीराकुंड जलाशय में पानी का प्रवाह लगभग रुक जाएगा और इससे जलाशय को और निचले इलाकों को नुकसान होगा।”
इससे पहले, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया था कि वह छत्तीसगढ़ सरकार को महानदी पर बांधों के निर्माण को रोकने का निर्देश दें और राज्य में पानी का निर्बाध प्रवाह सुनिश्चित करें।
उन्होंने मोदी से कलमा और दूसरे बांधों के द्वार खोले जाने का भी आग्रह किया था, जिससे निचले क्षेत्रों में पानी का प्रवाह सुनिश्चित हो सके, जो ओडिशा व उसके निवासियों का हक है।
dharmpath.com dharmpath