उमा व नकवी ने कहा, उप्र में मुस्लिमों को टिकट देना चाहिए था (लीड-1)

नई दिल्ली, 27 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री उमा भारती तथा मुख्तार अब्बास नकवी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मुसलमानों को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का टिकट दिए जाने के केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के रुख का सोमवार को समर्थन किया।

जल संसाधन, नदी विकास तथा गंगा संरक्षण मंत्री उमा भारती ने कहा कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में किसी मुस्लिम प्रत्याशी को नहीं उतारकर ‘बहुत बड़ी भूल’ की है।

कैबिनेट के उनके सहयोगी नकवी ने भी कहा कि पार्टी विधानसभा चुनाव में मुस्लिम उम्मीदवारों को उतारती तो बेहतर होता।

राजनाथ सिंह ने पहले कहा था कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मुसलमानों को भाजपा का टिकट दिया जाना चाहिए था।

उमा भारती ने ‘सीएनएन-न्यूज 18’ से कहा, “मुझे सच में इस बात का दुख है कि हम किसी मुस्लिम प्रत्याशी को चुनाव मैदान में नहीं उतार सके। मैंने इस बारे में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य से बात की थी कि किस प्रकार एक मुसलमान को विधानसभा में लाया जाए।”

उन्होंने कहा, “केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह जी ने सही कहा था, हमे मुसलमानों को टिकट देना चाहिए था।”

अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा, “जहां तक टिकट की बात है, तो मुसलमानों को टिकट दिया जाता, तो बेहतर होता।”

नकवी ने बिना विस्तृत विवरण दिए कहा, “राज्य में जब हम सरकार बनाएंगे, तो इसकी क्षतिपूर्ति कर हम उनकी चिंताओं का समाधान करेंगे।”

राजनाथ सिंह ने पिछले सप्ताह टाइम्स नाऊ को दिए एक साक्षात्कार में कहा था, “हमने कई राज्यों में अल्पसंख्यकों को टिकट दिए हैं.. यहां (उत्तर प्रदेश) भी इस पर बातचीत हुई ही होगी..मैं वहां नहीं था, मुझे जो बताया गया है, उसके आधार पर कह रहा हूं। हो सकता है, उन्हें (भाजपा संसदीय समिति) को कोई (जीतने योग्य मुस्लिम प्रत्याशी) मिला ही नहीं हो। लेकिन, मेरा मानना है कि इसके बावजूद उन्हें (मुसलमानों को) टिकट देना चाहिए था।”

उमा भारती की टिप्पणी पर हालांकि उनकी ही पार्टी के विनय कटियार ने सवाल उठाए हैं। राज्यसभा सांसद कटियार ने सवालिया लहजे में कहा, “जब मुसलमान हमारे लिए वोट ही नहीं करते तो हम उन्हें टिकट क्यों दें?”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493