उम्मीद है बंगाल रणजी ट्रॉफी जीतने में 25 वर्ष और नहीं लगाएगा : गांगुली

कोलकाता, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली ने बुधवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि बंगाल अपना अगला रणजी ट्रॉफी जीतने में 25 साल और नहीं लगाएगा।

उल्लेखनीय है कि गांगुली ने 17 वर्ष की आयु में 1990 में बंगाल टीम की ओर से प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया था और उसी वर्ष बंगाल रणजी ट्रॉफी जीतने में सफल रहा था।

उसके बाद से अब तक हालांकि बंगाल रणजी ट्रॉफी में खिताब नहीं जीत सका है।

बंगाल क्रिकेट टीम के हालिया प्रदर्शन पर गांगुली ने कहा, “उम्मीद करता हूं कि अगला रणजी ट्रॉफी जीतने में वे 25 वर्ष और नहीं लगाएंगे। टीम में कोई खराबी नहीं है। बस हमें बैठकर विचार-विमर्श करना होगा और भविष्य की संभावनाओं की पड़ताल करनी होगी।”

बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) ने बुधवार को 1990 में रणजी ट्रॉफी विजेता रही टीम को सम्मानित किया।

इस सम्मान समारोह में 1990 में रणजी ट्रॉफी जीतने वाली टीम के सदस्य मौजूद थे। तत्कालीन कप्तान संबरन बनर्जी को गुलदस्ता देकर और नीली ब्लेजर पहनाकर सम्मानित किया गया।

बनर्जी ने कहा, “रणजी जीतने के बाद बंगाल टीम को धीरे-धीरे विश्वास होने लगा था कि वे सर्वश्रेष्ठ टीमों को भी मात दे सकते हैं। इससे पहले हम खेलने उतरते थे और हारकर लौटते थे, लेकिन उस जीत के बाद चीजें बदल गईं और हम एक ताकत बनकर उभरे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493