उरी हमले में 17 जवान शहीद, 4 आतंकवादी ढेर (लीड-3)

श्रीनगर, 18 सितम्बर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के उरी कस्बे में सेना के शिविर पर रविवार सुबह हुए आतंकवादी हमले में 17 जवान शहीद हो गए। इस दौरान सुरक्षा बलों ने चार आतंकवादियों को मार गिराया।

अधिकारियों के अनुसार, मुठभेड़ बंद हो गई है और इलाके में आतंकवादियों के छिपे होने की आशंका के मद्देनजर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

हमला सुबह 5.30 बजे हुआ जब फिदायीन (आत्मघाती) हमलावरों ने सीमा से सटे उरी कस्बे के इन्फैंट्री बटालियन के पिछले आधार शिविर पर हमला किया।

सेना की उत्तरी कमान के उधमपुर मुख्यालय के प्रवक्ता कर्नल एस.डी. गोस्वामी ने आईएएनएस को बताया, “इन्फैंट्री बटालियन के पिछले आधार शिविर में हमला करने वाले चार आतंकवादियों को मार गिराया गया है।”

इस हमले में करीब 24 जवान घायल हो गए, जिन्हें श्रीनगर के सैन्य अस्पताल ले जाया गया है।

इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने अपना रूस व अमेरिका का पांच दिवसीय आधिकारिक दौरा रद्द कर दिया है, जो रविवार से शुरू होने वाला था। उन्होंने कश्मीर की स्थिति को लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493