गुवाहाटी, 16 फरवरी (आईएएनएस)। उल्फा और नागा संगठन एनएससीएन-के के चार आतंकी मंगलवार को मुठभेड़ में मारे गए। सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई में इन्हें मार गिराया गया। मुठभेड़ असम के तिनसुकिया जिले में हुई।
गुवाहाटी स्थित रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल सुनीत न्यूटन ने एक बयान में बताया कि मुठभेड़ बोर्दुम्सा क्षेत्र में हुई।
सेना ने असम पुलिस के साथ मिलकर असम और अरुणाचल की सीमा पर स्थित तिनसुकिया और चांगलांग में संयुक्त अभियान में इन चारों आतंकियों को मार गिराया।
बयान में कहा गया है कि इन चारों में से तीन का संबंध एनएससीएन-के के वार्ता विरोधी गुट से और एक का संबंध उल्फा के वार्ता विरोधी गुट से था।
अधिकारी ने बताया कि सूचना मिली थी कि आतंकी बोर्दुम्सा के दिल्ली पाथर गांव में अवैध वसूली के लिए जा रहे हैं।
सुरक्षा कर्मियों ने आतंकियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। आतंकियों ने सुरक्षा कर्मियों पर गोलीबारी की। जवाबी गोलीबारी में चारों आतंकी मारे गए। उनके पास से एक एके-56 राइफल समेत अन्य हथियार बरामद हुए हैं।
dharmpath.com dharmpath