मुंबई, 18 जून (आईएएनएस)। अभिनेत्री ऋचा चड्ढा ने मानव तस्करों के चंगुल से मुक्त कराई गईं लड़कियों को आश्रय मुहैया कराने के उद्देश्य से धन एकत्र करने वाली अभिनेता कुणाल कपूर की वेबसाइट ‘केटो’ के साथ हाथ मिलाया है।
ऋचा ‘पूर्णता’ नामक आश्रय स्थल में रह रहीं लड़कियों की मदद के लिए आगे आई हैं, जहां फिलहाल करीब 15 लड़कियां रह रही हैं। इन्हें नृत्य, संगीत और अन्य पेशेवर प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं।
एकत्र धन से गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) को 24 माह का किराया देने में मदद मिलेगी, जो 12 लाख रुपये है।
ऋचा ने अपने बयान में कहा, “मैं कुछ लोकप्रियता हासिल करने के बाद लोगों की मदद के लिए कुछ करना चाहती थी। मेरे लिए यह एक सच्चे कलाकार की परिभाषा है।”
अभिनेत्री ने कहा, “यह लड़कियां नर्क से लौटी हैं। अगर मैं उनकी मदद के लिए कुछ कर सकती हूं, तो यह मेरे लिए सम्मान की बात होगी।”
‘केटो’ वेबसाइट के संचालक कुणाल ने कहा कि यह काफी अच्छी बात है कि फिल्म जगत के लोग सामाजिक कारण के लिए मदद दे रहे हैं।
‘लव शव ते चिकन खुराना’ के अभिनेता ने ऋचा की तारीफ करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी।
dharmpath.com dharmpath