मुंबई, 20 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश सरकार के लिए हाल में ‘स्कूल चले हम’ गाना लांच करने वाले निर्देशक-निर्माता-लेखक ऋषिकेश पांडेय गाने की सफलता से खुश हैं और वह समाज में बदलाव लाने के लिए ऐसे और मुद्दों को उठाने की योजना बना रहे हैं।
ऋषिकेश ने ‘स्कूल चले हम’ के बारे में कहा, “मैं इस खूबसूरत अभियान के लिए यह प्यारा सा गाना लिखकर, इसकी धुन तैयार कर एवं इसका निर्देशन कर स्वयं को धन्य पाता हूं। गाने को जबर्दस्त प्रतिक्रिया मिली है।”
गाने का लांच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सरकार के ‘स्कूल चले अभियान’ के हिस्से के रूप में बुधवार को किया। इसकी संकल्पना इंदौर के कलेक्टर पी. नरहारी ने तैयार की। गाना मशहूर गायक शान ने गाया है।
शान ने कहा, “यह एक खूबसूरत गाना है। ऋषिकेश जी ने इसे लिखा, धुन तैयार की और इसका निर्देशन किया है। मैं इस अभियान व गाने से जुड़कर बहुत खुश हूं। हम केवल बच्चों को ही नहीं बल्कि माता-पिता को भी प्रेरित कर रहे हैं कि बच्चों को स्कूल जाना चाहिए, ताकि उनका भविष्य उज्जवल हो।”
dharmpath.com dharmpath