एंडीज में लापता भारतीय पर्वतारोही की तलाश जारी

नई दिल्ली, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। अर्जेटीना और चिली के हेलीकॉप्टर एंडीज पर्वत श्रृंखला में लापता हुए भारतीय पर्वतारोही माली मस्तान बाबू की तलाश कर रहे हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरुद्दीन ने शुक्रवार को ट्विटर पर यह जानकारी दी। बाबू 24 मार्च को उस समय लापता हो गए थे, जब वह चिली और अर्जेटीना के बीच पर्वत पर चढ़ाई कर रहे थे।

बाबू भारत के एक शीर्ष पर्वतारोही हैं। वह दुनिया में ‘सबसे तेजी से सात चोटियों को फतह करने वाले’ पर्वतारोही हैं। वर्ष 2006 में 172 दिनों के पर्वतारोहण के दौरान उन्होंने प्रत्येक माह के सप्ताह के सातों दिन चढ़ाई कर के सात चोटियां फतह की थीं। वह अंटाकार्टिका के सबसे ऊंची चोटी माउंट विंसन मैसिफ को फतह करने वाले पहले भारतीय और एवरेस्ट फतह करने वाले आंध्र प्रदेश के पहले व्यक्ति हैं।

बाबू भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर और आईआईएम-कोलकाता के छात्र रह चुके हैं। तलाशी अभियान की निगरानी के लिए उनकी बहन दोरासनम्मा अर्जेटीना में मौजूद हैं।

बाबू इस यात्रा के लिए 16 दिसंबर को आंध्र प्रदेश के नेल्लोर स्थित अपने घर से रवाना हुए थे। बाबू के पर्वतारोहण शुरू करने के तुरंत बाद मौसम खराब हो गया था।

उनके दोस्तों और शुभचिंतकों ने फेसबुक पर ‘रेस्क्यू माली मस्तान बाबू’ पेज शुरू किया है, जिस पर उनसे संबंधित खबरें और एंडीज में तलाशी अभियान की स्थिति अपडेट की जा रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493