नई दिल्ली, 6 जुलाई (आईएएनएस)। अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) मंगलवार को सभी आई-लीग क्लबों के लिए एक क्लाब लाइसेंसिंग कार्यशाला का आयोजन करेगा।
एआईएफएफ ने कार्यशाला में क्लबों के वित्तीय प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया है।
कार्यशाला में लाइसेंस से संबंधित वित्तीय मानदंड, खिलाड़ियों पर वेतन के रूप में खर्च होने वाली अधिकतम राशि, भविष्य की वित्तीय योजनाओं सहित कई अन्य वित्तीय मुद्दों पर चर्चा होगी।
एआईएफएफ की ओर से सोमवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यशाला में 25 क्लब प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।
कार्यशाला में क्लबों को एआईएफएफ द्वारा 2016-17 के लिए लाइसेंसिंग के नियमों में किए गए बदलाव से भी अवगत कराया जाएगा।
एआईएफएफ द्वारा किए गए बदलावों के तहत सीनियर टीम के अलावा अंडर-15 एवं अंडर-18 टीमों का भी संचालन साथ-साथ किया जाएगा। इसके अलावा जमीनी स्तर पर फुटबाल के विकास के लिए व्यापक योजना को लागू किया जाएगा।
आई-लीग के अगले संस्करण के लिए क्लबों द्वारा मार्की खिलाड़ियों के चयन का मानदंड भी इस कार्यशाला में निर्धारित किया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath