शवों पर राजनीति कर रही कांग्रेस : भाजपा

नई दिल्ली, 6 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह शवों पर राजनीति कर रही है। साथ ही पार्टी के कहा कि केवल उच्च न्यायालय ही व्यापमं घोटाले की जांच सीबीआई (केंद्रीय जांच ब्यूरो) को सौंप सकती है।

खबरिया चैनल ‘आजतक’ के खोजी पत्रकार अक्षय सिंह की मौत के बाद देशभर में चर्चा जोर पकड़ने पर पार्टी नेताओं ने यह भी कहा कि सभी मौतों का इस घोटाले से संबंध नहीं है।

ललित मोदी-सुषमा स्वराज-वसुंधरा राजे विवाद में घिरी केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी व्यापमं घोटाले की चर्चा जोर पकड़ने पर एक बार फिर बैकफुट पर आ गई है।

भाजपा के उपाध्यक्ष और मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद प्रभात झा ने यहां संवाददाताओं से कहा, “मामले की तकनीकियों को समझना होगा। उच्च न्यायालय इस मामले में पहले से ही जांच कर रहा है। हम उच्च न्यायालय की उपेक्षा कर सीबीआई जांच के आदेश नहीं दे सकते।”

उन्होंने कहा, “अगर उच्च न्यायालय स्वयं कहता है कि वह मामले की जांच जारी नहीं रख सकता, तो फिर मध्य प्रदेश सरकार कार्रवाई के अगले कदम पर फैसला करेगी।”

दूसरी तरफ कांग्रेस का कहना है कि जब मुख्यमंत्री के करीबी लोग और कई मंत्री इसमें संलिप्त हैं, तब शिवराज के पद पर बने रहने से जांच प्रभावित नहीं होगा, यह कल्पना से परे बात है।

झा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पार्टी शवों पर राजनीति कर रही है।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस शवों पर राजनीति कर रही है। उन्हें शवों पर राजनीति नहीं करनी चाहिए।”

भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने एक कदम आगे बढ़ते हुए कांग्रेस को सलाह दी कि वह न्यायपालिका पर भरोसा रखे।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस सर्वोच्च न्यायालय गई थी, और न्यायालय ने कहा था कि मामला उच्च न्यायालय के अधिकार क्षेत्र में है। क्या कांग्रेस स्वयं को सर्वोच्च न्यायालय से ऊपर मानती है?”

एक अन्य भाजपा प्रवक्ता जी.वी.एल. नरसिम्हा राव ने कहा कि मध्य प्रदेश के एक मेडिकल कॉलेज के डीन अरुण शर्मा की मौत स्वाभाविक है। घोटाले की जांच से जुड़े शर्मा रविवार को दिल्ली के द्वारका स्थित एक होटल में संदिग्ध हालात में मृत पाया गया था।

राव ने मीडिया से कहा, “किसी को भी जल्दबाजी में इसे सीधे व्यापमं से नहीं जोड़ना चाहिए। हम इस मौत को पूरी तरह से स्वाभाविक मानते हैं। इसका व्यापमं से कोई लेना देना नहीं है।”

शर्मा का सोमवार को सफदरजंग अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। रिपोर्ट कहती है कि दवा के रिएक्शन से मौत हुई है।

पिछले तीन दिनों में व्यापमं घोटाले से जुड़े तीन लोगों की मौत हो चुकी है और यह सिलसिला जारी है।

सोमवार तड़के एक प्रशिक्षु उप-निरीक्षण अनामिका कुशवाहा ने सागर स्थित पुलिस प्रशिक्षु केंद्र के पास स्थित एक तालाब में कूदकर आत्महत्या कर ली।

पत्रकार अक्षय सिंह की मध्य प्रदेश में संदिग्ध हालात में मौत के बाद केंद्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती ने ‘आजतक’ को दिए साक्षात्कार में शिवराज सिंह चौहान की जांच की मांग कर दी है। उन्होंने एसटीएफ को जांच सौंपे जाने में खिलवाड़ का अंदेशा जताते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में उनके लोगों की जान को भी खतरा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493