नई दिल्ली, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। इस साल शनिवार से शुरू होने वाली अंडर-16 यूथ फुटबाल लीग में कुल 55 टीमें हिस्सा लेंगी।
इस लीग के मैच कोलकाता और शिलांग में खेले जाएंगे।
अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर बताया है कि इस बार इस लीग में सबसे ज्यादा टीमें हिस्सा ले रही हैं।
आई-लीग के सभी क्लब, इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की दो यूथ टीमों के अलावा कई और टीमें इस लीग में हिस्सा लेंगी और 10 जोन में प्रतिस्पर्धा करेंगी।
पिछले साल इस लीग को अंडर-15 श्रेणी में आयोजित किया गया था। लेकिन अगले साल भारत की मेजबानी में होने वाले अंडर-17 फीफा विश्व कप को देखते हुए इसमें बदलाव करते हुए इसे अंडर-16 श्रेणी में आयोजित किया जा रहा है।
आई-लीग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुनांदो धर ने कहा कि टीमों की संख्या में बढ़ोत्तरी होना इस बात को दर्शता है कि क्लब हर हाल में अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं।
आई-लीग की वेबसाइट पर उनके हवाले से लिखा गया है, “संख्या बोलती हैं। अंडर-16 यूथ लीग में 55 टीमें हिस्सा ले रही हैं जोकि बड़ी बात है। इससे साबित होता है कि क्लब और अकादमियों में अच्छा प्रदर्शन कर अपने आप को साबित करने का जुनून है।”
उन्होंने कहा, “मैं हिस्सा लेने वाली टीमों को बधाई देता हूं। टूर्नामेंट काफी रोचक होगा और सर्वश्रेष्ठ टीम जीतेगी।”
dharmpath.com dharmpath