नई दिल्ली, 30 दिसम्बर (आईएएनएस)। केंद्र सरकार ने बुधवार को भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) और विशाखापत्तनम पोर्ट ट्रस्ट (वीपीटी) के बीच एक मल्टी-मोडल लॉजिस्टिक्स पार्क (एमएमएलपी) बनाने के लिए भूमि की अदला-बदली से संबंधित एक समझौते को मंजूरी दे दी।
यह मंजूरी यहां केंद्रीय मंत्रिमंडल की एक बैठक में दी गई।
समझौते के तहत एमएमएलपी बनाने के लिए वीपीटी के पास स्थित एएआई की 11.45 एकड़ भूमि के बदले वीपीटी उसे इतना ही जमीन देगी।
विशाखापत्तनम में एमएमएलपी का निर्माण कंटेनर कारपोरेशन ऑफ इंडिया (कॉनकॉर) करेगी।
एमएमएलपी का निर्माण 98 एकड़ जमीन पर होगा और इसके लिए वीपीटी से यह भूमि किराए पर ली जाएगी।
मंत्रिमंडल की बैठक के बाद जारी बयान के मुताबिक, “कॉनकॉर द्वारा निर्माण किए जाने वाले एमएमएलपी तथा अन्य सुविधाओं से आंध्र प्रदेश का काफी विकास होगा। इससे राज्य की माल ढुलाई क्षमता बढ़ जाएगी और एक एकीकृत रेल-रोड लॉजिस्टिक केंद्र का विकास होगा, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था और व्यापार में वृद्धि होगी।”
dharmpath.com dharmpath