कोलकाता, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। अनाथ बच्चों के कल्याण के लिए काम करने वाली संस्था ‘कलकत्ता ऑर्फेनेज’ से किए वादे के मुताबिक कोलकाता के दिग्गज फुटबाल क्लब ईस्ट बंगाल एशिया फुटबाल परिसंघ (एएफसी) कप के अपने अगले मैच में 42 अनाथ बच्चों की मेजबानी करेगा।
ईस्ट बंगाल को एएफसी कप में मंगलवार को जोहोर दारुल ताजिम एफसी के साथ साल्ट लेक स्टेडियम में भिड़ना है।
क्लब के पूर्व महासचिव दीपक दास की पुण्यतिथि पर 22 मार्च को क्लब ने कलकत्ता ऑर्फेनेज से वादा किया था कि वह संस्था के अनाथ बच्चों को अंतर्राष्ट्रीय मैच का लुत्फ उठाने का प्रबंध करेंगे।
क्लब ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा, “अपने किए हुए वादे के अनुरूप क्लब ने कलकत्ता ऑर्फेनेज के अनाथ बच्चों एवं शिक्षकों के लिए एएफसी कप के इस मैच को देखने की व्यवस्था की है।”
क्लब ने आगे कहा है , “हमें इसकी घोषणा करेत हुए खुशी हो रही है कि उन्होंने विभिन्न आयु के 42 बच्चों और आठ कर्मचारियों के साथ हमारा मैच देखने आने की पुष्टि की है। हमारे क्लब के लिए यह सम्मान की बात है, कि हम इन बच्चों के लिए ऐसा कर सके।”
ईस्ट बंगाल इस समय एएफसी कप में चार मैचों से एक जीत हासिल कर तीसरे स्थान पर है।
dharmpath.com dharmpath