नई दिल्ली, 20 सितम्बर (आईएएनएस)। एकतरफा प्रेम की सनक में मंगलवार सुबह एक व्यक्ति ने एक 21 वर्षीय युवती को पूरी भीड़ के सामने 22 बार चाकू घोंप कर मार डाला। पुलिस ने यह जानकारी दी है।
पुलिस ने बताया कि युवती की पहचान उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके की निवासी करुणा के रूप में की गई है। वह नोवेल रीचेज स्कूल की शिक्षिका थीं।
दिल्ली पुलिस उपायुक्त (उत्तर) मधुर वर्मा ने बताया, “आरोपी सुरेंद्र सिंह (34) ने युवती को बुराड़ी इलाके में सुबह नौ बजे सबके सामने चाकू मार दिया। वह युवती का परिचित था। युवती की मदद के लिए कोई आगे नहीं आया।”
करुणा को आईएसबीटी के ट्रॉमा सेंटर में लाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस अधिकारी ने कहा, “उनके शव पर चाकू के 22 जख्म थे।”
अधिकारी ने कहा कि लोगों ने सुरेंद्र की जमकर पिटाई की। उसे अरुणा आसफ अली अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि सुरेंद्र सिंह करीब एक साल से युवती को परेशान कर रहा था। उसके परिवार ने पांच महीने पहले शिकयत दर्ज कराई थी, लेकिन बाद में दोनों परिवारों के बीच समझौता हो गया था।
वर्मा ने अपराध की मंशा के बारे में बताते हुए कहा, “सुरेंद्र का दावा है कि वह करुणा से प्रेम करता है। उसने कहा कि आज (मंगलवार) करुणा ने जब किसी और लड़के को तस्वीरें भेजीं तो उसे गुस्सा आ गया।”
सुरेंद्र के पिता दिल्ली पुलिस में सब इंस्पेक्टर हैं।
पुलिस के मुताबिक, सुरेंद्र का तलाक का केस चल रहा है। युवती उसके कंप्यूटर कोचिंग सेंटर में छात्रा थी।
अधिकारी ने कहा, “अपराध में इस्तेमाल हथियार को जब्त कर लिया गया है। मृतका के रिश्तेदार के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है, जो घटना का गवाह है।”
dharmpath.com dharmpath