दिल्ली, 13 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय निर्यात-आयात बैंक (एक्जिम बैंक) और नेहरू स्मृति संग्रहालय एवं पुस्तकालय (एनएमएमएल) ने यहां रविवार को तीन मूर्ति भवन परिसर में संयुक्त रूप से आयोजित एक समारोह में आईएनएसवी तारिणी की सभी महिला सदस्यों के सम्मान में एक समारोह आयोजित किया, जहां एक्जिम बैंक ने सभी महिलाओं को सम्मानित किया।
आईएनएसवी तारिणी के छह सदस्यीय महिला चालक दल ने पूरी दुनिया की परिक्रमा कर भारत को गौरवान्वित करने का काम किया था। यह यात्रा पिछले वर्ष सितंबर के पहले हफ्ते में गोवा से शुरू हुई थी और इस वर्ष मई में समाप्त हुई।
254 दिन लंबी इस यात्रा के दौरान, टीम ने लगभग 22,000 नौटिकल मील की यात्रा तय की। टीम का कांरवा इस दौरान पांच देशों -ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, फॉकलैंड द्वीप(ब्रिटेन), दक्षिण अफ्रीका और मॉरीशस में रुका था।
टीम में छह सदस्य लेफ्टिनेंट कमांडर वर्तिका जोशी(कप्तान), लेफ्टिनेंट कमांडर प्रतिभा जामवाल, लेफ्टिेंट कमांडर बी.ऐश्वर्य, लेफ्टिनेंट कमांडर पी. स्वाति, लेफ्टिनेंट कमांडर विद्या देवी और लेफ्टिनेंट पायल गुप्ता थीं।
यह पहला अवसर था कि किसी भारतीय महिला चालक दल के सदस्यों ने पूरी दुनिया की परिक्रमा की है।
यहां जारी एक बयान के अनुसार, लेफ्टिनेंट कमांडर जोशी ने परिक्रमा के दौरान पेश चुनौतियों, टीम भावना और टीम के पूरे सदस्य द्वारा इस अभियान को पूरा करने की प्रतिबद्धता के बारे में बताया।
एक्जिम बैंक के प्रबंध निदेश डेविड रस्किना ने कहा, “एक्जिम बैंक को इन अधिकारियों की सफलता पर गर्व है, जिन्होंने एक नौका से पूरी दुनिया का चक्कर लगाया। इन महिलाओं द्वारा इस उपलब्धि को प्राप्त करना दिखाता है कि हमारे प्रतिबद्ध युवाओं के लिए कुछ भी मुश्किल नहीं है। उन्होंने सिर्फ पूरी दुनिया का चक्कर नहीं लगाया, बल्कि भारत को गौरवांवित भी किया है।”
एनएमएमएल के निदेशक शक्ति सिन्हा ने कहा, “इन महिलाओं ने खतरनाक समुद्र, उच्च तूफानी परिस्थितियों और ठंडे तापमान के बीच जबरदस्त हिम्मत और टीम भावना दिखाई है। हम इनके साहस से प्रेरित हुए हैं।”
dharmpath.com dharmpath