‘एक्शन’ ने पत्रकारों को सम्मानित कर कहा-‘थैंक्यू मीडिया’ (फोटो सहित)

नई दिल्ली, 22 दिसंबर (आईएएनएस)। समाज की आधी आबादी यानी महिलाओं को समानता और न्याय दिलाने और उनके विरुद्ध अन्याय के खिलाफ लड़ाई में अपनी कलम की धार से सक्रिय योगदान देने वाले पत्रकारों के प्रति आभार प्रकट करने के लिए एक स्वयंसेवी संस्था ने यहां कार्यक्रम ‘थैंक्यू मीडिया’ का आयोजन किया।

दिल्ली के रफी मार्ग स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में सोमवार को आयोजित ‘थैंक्यू मीडिया’ कार्यक्रम के तहत महिलाओं से जुड़े मुद्दों को अपनी कलम की ताकत से उजागर करने और उन्हें मुख्यधारा की चर्चा का हिस्सा बनाने के लिए पत्रकारों और मीडिया हाउसों के योगदान को मान्यता और सम्मान दिया गया।

समारोह में अपना आभार प्रकट करने के लिए ‘एक्शन एड मीडिया’, नागरिक समाज के उसके भागीदारों और समुदाय के 500 से भी अधिक लोग एकत्रित हुए जिसमें ऐसे पत्रकारों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने लैंगिक मुद्दों पर काफी कुछ लिखा है।

कार्यक्रम में ‘इंडिया टुडे’ के पूर्व प्रधान संपादक दिलीप मंडल, ‘द वीक’ की पत्रकार श्वेता नंदा, ‘आईएएनएस हिंदी’ की पत्रकार ममता अग्रवाल, ‘पीटीआई’ की पत्रकार देबोलिना चक्रवर्ती, ‘द स्ट्रेट’ की पत्रकार निर्मला गणपति और कई अन्य पत्रकारों को सम्मानित किया गया।

समारोह में जनता दल-युनाइटेड (जदयू) के सांसद अली अनवर, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के सांसद डी. राजा और राज्यसभा टीवी की वरिष्ठ पत्रकार अमृता राय भी उपस्थित थीं।

कार्यक्रम का आगाज करते हुए समुदाय से आईं कुछ महिलाओं ने अपने जोशीले गीत के द्वारा मीडिया का स्वागत किया।

कार्यक्रम में आमंत्रित पत्रकारों ने भी अपने विचार रखे और ऐसे मुद्दों को आगे लाने के लिए इनसे जुड़े लोगों की भी सराहना की और इस मुहिम को आगे जारी रखने में अपने सक्रिय योगदान का भरोसा दिलाया।

एक्शन एड मीडिया में कार्यक्रम और नीति निदेशक सहजो सिंह ने कहा, “महिलाओं के मुद्दों को जनमानस की चर्चा और सोच का हिस्सा बनाने में मीडिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह समारोह पत्रकारों के सकारात्मक योगदान के प्रति अपनी एकजुटता दिखाने का एक अवसर है। मुझे पूरा विश्वास है कि यह मुहिम जारी रहेगी।”

एक्शन एड इंडिया के दिल्ली क्षेत्रीय कार्यालय के तनवीर काजी ने पत्रकारों का स्वागत करते हुए कहा, “पितृसत्तात्मकता के खिलाफ लड़ाई और समाज में न्याय और समानता सुनिश्चित कराने के लिए मीडिया की काफी महत्वपूर्ण भूमिका है। कई दबी हुई आवाजों को स्वर देने के लिए हम मीडिया के प्रयासों से अभिभूत हैं। हमें पूरा विश्वास है कि अपने सम्मान और अधिकारों की लड़ाई लड़ रही अन्य महिलाओं को भी मीडिया अपना पूरा समर्थन देता रहेगा।”

कार्यक्रम के अंत में समुदाय से आए कार्यक्रम के कुछ प्रतिभागियों ने महिला हिंसा के विरोध के मुद्दे पर एक नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493