एग्जिट पोल फिर गलत साबित होगा : लालू

पटना, 10 मार्च (आईएएनएस)। एग्जिट पोल में भले ही उत्तर प्रदेश में भाजपा को सत्ता के करीब दिखाया गया है, लेकिन राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद ने यहां शुक्रवार को कहा कि मत सर्वेक्षकों का अनुमान फिर गलत साबित होगा।

उन्होंने कहा कि उप्र में समाजवादी पार्टी-कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनेगी।

विधानसभा चुनाव की मतगणना से एक दिन पहले, लालू ने कहा, “मैं एग्जिट पोल पर विश्वास नहीं करता, क्योंकि यह हर बार फेल हुआ है। इस बार भी यह फेल होगा। मैंने वहां प्रचार किया था, मैं लोगों की नब्ज समझता हूं।”

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “मुझे पूरा भरोसा है कि सपा-कांग्रेस गठबंधन को बहुमत मिलेगा और यह उत्तर प्रदेश में अगली सरकार बनाएगा।”

राजद प्रमुख ने कहा, “भाजपा के नेताओं को खुद महसूस हो रहा है कि उत्तर प्रदेश में कोई मोदी लहर नहीं है। भाजपा पंजाब, गोवा और उत्तराखंड में भी हारेगी।”

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की हार का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर राजनीतिक प्रभाव पड़ेगा।

लालू ने कहा कि 2015 में बिहार में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आने से पहले सभी एग्जिट पोल में जनता दल (युनाइटेड), राजद और कांग्रेस के महागठबंधन पर भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की बढ़त दिखाई गई थी। लेकिन हुआ यह कि भाजपा हार गई और महागठबंधन की सरकार बनी।

उन्होंने कहा, “यहां तक कि बिहार में मतगणना के दिन भी कुछ न्यूज चैनलों ने प्रसारित किया कि भाजपा जीत रही है और महागठबंधन हार रहा है।”

लालू ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में, खासकर बिहार की सीमा से सटे उप्र के पूर्वी हिस्सों में सपा-कांग्रेस गठबंधन के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493