एचआईएल : निकिन के गोल से मुंबई ने रांची को ड्रॉ पर रोका

मुंबई, 21 जनवरी (आईएएनएस)। देश के अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी निकिन थिमैया के आखिरी क्षणों में किए गए गौल की बदौलत दबंग मुंबई ने हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के अपने पहले मैच में शनिवार को पूर्व चैम्पियन रांची रेज को 3-3 से ड्रॉ पर रोक लिया।

यहां महिंद्रा हॉकी स्टेडियम में खेले गए मैच में मुंबई मैच समाप्त होने से पहले आखिरी मिनट तक रांची से 1-3 से पीछे चल रही थी, लेकिन थिमैया ने आखिरी मिनट में फील्ड गोल कर मुंबई को हार से बचा लिया।

उल्लेखनीय है कि एचआईएल में फील्ड गोल को दो गोल माना जाता है।

इससे पहले मैच के तीनों गोल तीसरे क्वार्टर में आए। सिमरनजीत सिंह ने 32वें मिनट में शानदार फील्ड गोल करते हुए रांची को 2-0 की बढ़त दिला दी थी।

पांच मिनट बाद ही मैच के 37वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर पर मुंबई का पहला गोल दागा और स्कोर 1-2 कर लिया।

लेकिन मुंबई अभी राहत की सांस भी ले पाती कि दो मिनट बाद ही 39वें मिनट में क्रिस्टोफर रूहर ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करते हुए रांची की बढ़त को 3-1 कर दिया।

मैच का पहला अवसर रांची ने 17वें मिनट में बनाया। रांची के स्ट्राइकर का क्रॉस मुंबई के डिफेंडर गुरमैल सिंह के पैर में जा लगा और रांची को पेनाल्टी कॉर्नर मिल गया। लेकिन मैच के पहले पेनाल्टी पर ट्रेंट मिटन के फ्लिक को मुंबई को गोलकीपर डेविड हार्टे ने विफल कर दिया।

मुंबई के कप्तान फ्लोरियान फुच्स को भी मैच के 23वें मिनट में अपनी टीम को बढ़त दिलाने का मौका मिला था, लेकिन जर्मनी के फुच्स के दो-दो शॉट रांची के गोलकीपर लोवेल ने रोक दिए।

मध्यांतर तक कोई भी टीम गोल हासिल नहीं कर सकी।

मध्यांतर के बाद लेकिन मैच ने अचानक नया मोड़ लिया दोनों ही टीमों ने आक्रामक हॉकी खेलनी शुरू की। तीसरे क्वार्टर में ही दर्शकों को तीन-तीन गोल देखने को मिले।

तीसरे क्वार्टर में बढ़त ले चुकी रांची ने चौथे क्वार्टर में रक्षात्मक खेल खेला और बिरेंद्र लाकड़ा, टिमोथी डीविन, फर्गुस कावनाग और गुरमैल ने मुंबई के स्ट्राइकरों को बांधे रखा।

मुंबई को अंतत: आखिरी मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिसे वे गोल में तो तब्दील नहीं कर सके, लेकिन छिटककर गेंद सर्किल के बाहर खड़े थिमैया के पास पहुंची और थिमैया ने समय न गंवाते हुए बेहद चतुराई से रांची के गोलकीपर लोवेल को छकाते हुए गेंद को रांची के नेट में पहुंचा दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493