रांची, 26 जनवरी (आईएएनएस)। मौजूदा चैम्पियन रांची रेज ने हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के चौथे संस्करण में मंगलवार को हुए बिरसा मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में हुए मैच में दिल्ली वेवराइडर्स को 2-1 से हरा दिया।
रांची के लिए कप्तान इंग्लैंड के दिग्गज स्ट्राइकर एश्ले जैक्सन ने 28वें और 31वें मिनट में दो गोल किए। जैक्सन ने दोनों ही गोल पेनाल्टी कॉर्नर पर किए।
दिल्ली के लिए रुपिंदर पाल सिंह 26वें मिनट में एकमात्र गोल कर सके।
एचआईएल-4 में रांची की तीन मैचों में यह दूसरी जीत है और इसके साथ उसके कुल 11 अंक हो गए।
रांची के शीर्ष पर मौजूद कलिंगा लांसर्स, दूसरे स्थान पर मौजूद जेपी पंजाब वॉरियर्स और तीसरे स्थान पर मौजूद दिल्ली के बराबर ही 11 अंक हैं, हालांकि गोल अंतर के आधार पर वे चौथे पायदान पर हैं।
दिल्ली और रांची दोनों ही टीमें अपने-अपने पिछले मैचों में जीत हासिल कर यहां पहुंचीं और दोनों ही टीमों ने संभलकर खेलना शुरू किया।
दिल्ली को मैच के छठे मिनट में तलविंदर सिंह ने गोल का सुनहरा मौका दिलाया, लेकिन रांची के गोलकीपर टाइलर लोवेल ने इसे बचा लिया।
50,000 रुपये का गोल ऑफ द मैच अवार्ड रुपिंदर को, जबकि इतनी ही राशि का मैन ऑफ द मैच अवार्ड रांची के लिए खेल रहे इंग्लिश खिलाड़ी बैरी मिडलटन को मिला।
dharmpath.com dharmpath