एचआईएल : रांची रेज ने मुंबई को 2-1 से हराया

मुंबई, 24 जनवरी (आईएएनएस)। महिंद्रा हॉकी स्टेडियम में शनिवार को हुए हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) की तीसरे संस्करण के चौथे मुकाबले में रांची रेज ने दबंग मुंबई को 2-1 से मात दे दी।

रेज के लिए दोनों गोल इंग्लैंड के दिग्गज खिलाड़ी बैरी मिडलटन ने फील्ड गोल के जरिए 38वें और 45वें मिनट में किए।

मुंबई के लिए मैच का एकमात्र गोल उनके सबसे महंगे खिलाड़ी बेल्जियम के टॉम बून ने 38वें मिनट में किया।

दोनों ही टीमों ने निराशाजनक ढंग से मैच की शुरुआत की और पहले क्वार्टर में मिले पेनाल्टी कॉर्नर के मौके गंवा दिए।

दूसरे क्वार्टर में रेज ने प्रभावी प्रदर्शन किया और इंग्लैंड के एश्ले जैक्सन की बदौलत गोल के कई मौके भी बनाए, हालांकि सफल नहीं हो सके।

मैच के मध्यांतर के करीब 30वें मिनट में मिडलटन पेनाल्टी कॉर्नर हासिल करने में सफल रहे, लेकिन मनप्रीत सिंह के पुश पर बिरेंद्र लाकड़ा इसे गोल में तब्दील करने से चूक गए।

मध्यांतर तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी।

मध्यांतर के आठ मिनट बाद ही मुंबई के लिए बून ने मैच का पहला गोल कर दिया और मुंबई को 1-0 से बढ़त दिला दी।

मुंबई हालांकि इस गोल का जश्न भी नहीं मना सकी थी कि न्यूजीलैंड के स्ट्राइकर निक विल्सन ने कुछ ही ेसेकेंड के अंदर कठिन प्रयास करते हुए गेंद मुंबई के गोलपोस्ट के करीब मिडलटन को पास कर दिया, जिसे मिडलटन ने गोलकीपर डेविड हार्टे को छकाते हुए नेट का रास्ता दिखा दिया।

मिडलटन ने इसके सात मिनट बाद ही मंदीप सिंह से गोलपोस्ट के ठीक सामने मिले पास पर अपना दूसरा गोल कर दिया और रेज को 2-1 से बढ़त दिला दी।

मुंबई ने इसके बाद वापसी की बहुतेरी कोशिशें कीं, लेकिन मिडलटन का गोल रेज के लिए निर्णायक रहा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493