एचडब्ल्यूएल : आस्ट्रेलिया को हराकर शीर्ष स्थान चाहेगा भारत

एंटवर्प, 27 जून (आईएएनएस)। भारतीय सीनियर पुरुष हॉकी टीम यहां जारी हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) सेमीफाइनल के अपने अंतिम ग्रुप मुकाबले में रविवार को आस्ट्रेलिया से भिड़ेगी। विश्व चैम्पियन को हराकर भारतीय टीम ग्रुप में पहला स्थान हासिल करना चाहेगी।

पॉल वान ऐस की टीम के खाते में तीन मैचों से सात अंक हैं। उसके खाते में दो जीत और एक ड्रॉ है। भारत ने अपने पहले मैच में फ्रांस को हराया था। इसके बाद उसने पोलैंड को हराया लेकिन शुक्रवार को पाकिस्तान ने उसे 2-2 की बराबरी पर रोक दिया।

दूसरी ओर, रविवार को ही पाकिस्तान का सामना फ्रांस से होगा। अगर पाकिस्तानी टीम जीत जाती है तो उसके भी सात अंक हो जाएंगे। उसने अपने पहले मैच में पोलैंड को हराया था लेकिन आस्ट्रेलिया से उसे हार मिली थी।

भारत अगर आस्ट्रेलिया से हार जाता है तो फिर ग्रुप की दूसरी श्रेष्ठ टीम का फैसला गोल अंतर के लिहाज से होगा। पोलैंड की टीम पहली ही क्वार्टर फाइनल की दौड़ से बाहर हो चुकी है। वह अब तक अपने सभी मैच हार चुकी है।

भारत के लिए आस्ट्रेलिया को हराना आसान नहीं होगा। उसे हमेशा इस टीम को हराने में मुश्किल हुई है। हाल के दिनों में आस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत का प्रदर्शन सराहनीय रहा है लेकिन यह भी नहीं भूलना होगा कि अजलान शाह, चैम्पियंस ट्रॉफी और टेस्ट सीरीज में आस्ट्रेलिया ने दोयम दर्जे की टीम उतारी थी।

इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए सरदार सिंह की टीम को अपना श्रेष्ठ खेल दिखाना होगा। पाकिस्तान के खिलाफ सरदार की टीम ने अच्छा खेल दिखाया लेकिन आस्ट्रेलिया के खिलाफ उसे और अच्छा खेलना होगा।

भारत को पेनाल्टी कार्नर को गोल में बदलने की अपनी कला को नए सिरे से पुख्ता करना होगा। साथ ही आक्रमण में पैनापन लाना होगा। भारत पाकिस्तान के खिलाफ पेनाल्टी कार्नर पर एक भी गोल नहीं कर सका था।

सरदार ने मैच से पहले कहा कि उनकी टीम को जीत का क्रम बनाए रखना होगा और आस्ट्रेलिया के खिलाफ हर जरूरी पास पर ध्यान देते हुए गोल करने के मौके तलाशने होंगे।

कप्तान के मुताबिक आस्ट्रेलिया का डिफेंस काफी अच्छा है, लिहाजा उसे तोड़ने के लिए टीम को काफी तेजी से प्रतिक्रिया दिखानी होगी और साथ ही साथ गलतियों से बचना होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493