एंटवर्प, 3 जुलाई (आईएएनएस)। भारत की महिला हॉकी टीम यहां जारी हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) सेमीफाइनल टूर्नामेंट में पांचवां स्थान हासिल करने के लिए शनिवार को जापान से भिड़ेगी।
भारतीय टीम ने गुरुवार को खेले गए क्लासिफिकेशन मैच में इटली को 5-4 से हराया था। इस जीत ने भारत के रियो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने की उम्मीदों को जिंदा रखा था।
अब भारत अगर ब्रासचाट म्यूनिसिपल पार्क स्टेडियम में जापान को हरा देता है तो फिर उसे पांचवां स्थान मिलेगा और वह पहली बार ओलम्पिक में खेलने के सपने का पीछा कर सकेंगी।
विश्व वरीयता क्रम में भारत 13वें स्थान पर है जबकि जापान की टीम 10वें स्थान पर है। इससे पहले दोनों टीमों के बीच इस साल की शुरुआत में हॉक्स बे कप में भिड़ंत हुई थी, जहां भारत ने 0-2 से पीछे रहते हुए जोरदार वापसी और फिर 3-2 से जीत हासिल की।
इससे पहले मिडफील्डर रितु रानी के नेतृत्व में खेलते हुए भारतीय टीम ने 2014 एशियाई खेलों में जापान को 2-1 से हराकर कांस्य पदक जीता था।
भारत को इसी तरह का प्रदर्शन करना होगा। हालांकि उसके लिए जीत आसान नहीं होगी क्योंकि इस मैच की महत्ता जापान को और भी सचेत कर देगी।
भारतीय टीम के कोच मथायस अहरेंस ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों को डिफेंस पर ध्यान देना होगा क्योंकि इस मैच में गोल बचाना सबसे अहम होगा।
कोच ने कहा कि दोनों टीमों के बीच का अंतर कम है और इसी कारण भारतीय टीम को हमेशा सावधान रहना होगा। कोच के मुताबिक दमखम के लिहाज से जापान की टीम थोड़ी मजबूत है और इसी कारण भारतीय टीम को जीत के लिए अधिक प्रयास झोंकना होगा।
dharmpath.com dharmpath