नई दिल्ली, 29 जनवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी में लूट की विचित्र घटना हुई है। एटीएम बूथ से लुटेरों ने 8.6 लाख रुपये तो लूटे, लेकिन शेष राशि एटीएम में पड़ा छोड़कर चले गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
वारदात शनिवार की रात एचडीएफसी बैंक के पूर्वी दिल्ली में विकास मार्ग पर स्थित एटीएम बूथ में घटी। शनिवार की रात ही बैंक को वारदात का पता चला।
पुलिस उपायुक्त ओमवीर सिंह ने आईएएनएस को बताया, “चोरी का एक मामला दर्ज कर लिया गया है। हमें बैंक कर्मचारियों और उनसे संबद्ध लोगों के घटना में संलिप्त होने का शक है, क्योंकि लूटे गए रुपये एटीएम मशीन को बिना नुकसान पहुंचाए चुराए गए हैं।”
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान एटीएम मशीन के कुछ नट-बोल्ट ढीले पाए गए, जो बैंक के किसी कर्मचारी के साजिश में शामिल होने का स्पष्ट संकेत है।
उन्होंने कहा, “पासवर्ड जाने बिना या मशीन की आंतरिक सूचना जाने बगैर कोई इसे आसानी से नहीं खोल सकता। किसी एटीएम मशीन को लूटने के कई तरीके हैं।”
अपराधियों ने एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी मोड़ दिया, ताकि उनकी पहचान न हो सके।
dharmpath.com dharmpath