एनडीटीवी इंडिया पर प्रतिबंध स्थगित

नई दिल्ली, 7 नवंबर (आईएएनएस)। चौतरफा आलोचना के बाद केंद्र सरकार ने हिंदी समाचार चैनल एनडीटीवी इंडिया पर एक दिन के प्रतिबंध को स्थगित करने का फैसला किया है।

इससे पहले एनडीटीवी मीडिया समूह प्रबंधन ने प्रतिबंध की वैधता को सर्वोच्च न्यायालय में चुनौती दी थी। सर्वोच्च न्यायालय में इस पर मंगलवार को सुनवाई होनी है।

आधिकारिक सूत्रों ने कहा, “सूचना एवं प्रसारण मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने एनडीटीवी के हिंदी चैनल पर एक दिन के प्रतिबंध को स्थगित कर दिया है।”

सूत्रों ने कहा कि एनडीटीवी के प्रमोटर प्रणव राय ने वेंकैया नायडू से मुलाकात की थी। इसके बाद प्रतिबंध को स्थगित करने का फैसला आया।

सूत्रों ने कहा कि राय ने मंत्री से आदेश की समीक्षा करने और अंतिम फैसला होने तक इसके कार्यान्वयन पर रोक लगाने का अनुरोध किया था।

सूत्रों ने कहा कि राय ने नायडू से यह भी कहा कि उनके पक्ष को सही परिप्रेक्ष्य में नहीं समझा गया।

मंत्रालय ने गुरुवार को एनडीटीवी इंडिया को आठ नवंबर की आधी रात से नौ नवंबर की आधी रात तक प्रसारण बंद रखने का निर्देश दिया था। पठानकोट हवाईअड्डे पर इसी वर्ष दो जनवरी को हुए आतंकी हमलों की खबरों के प्रसारण में मानदंडों के उल्लंघन को लेकर चैनल के खिलाफ मंत्रालय ने एक दिन का प्रतिबंध लगाने का फैसला किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493