पटना, 5 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मीडिया को लोकतंत्र का चतुर्थ स्तंभ बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार का समाचार चैनल एनडीटीवी इंडिया पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय निंदनीय है।
जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने एनडीटीवी के प्रसारण पर 24 घंटे की रोक लगाने के केंद्र सरकार के फैसले की निंदा करते हुए शनिवार को ट्वीट कर लिखा, “लोकतंत्र में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मीडिया आवश्यक है। केंद्र सरकार द्वारा एनडीटीवी को बैन करना, मीडिया की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाना, निंदनीय है।”
इससे पहले बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने भी एनडीटीवी इंडिया पर प्रतिबंध लगाए जाने की निंदा करते हुए मौजूदा हालात को आपातकाल जैसा बताया था।
उल्लेखनीय है कि सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने एनडीटीवी इंडिया को आठ नवंबर की रात 12 बजे से लेकर नौ नवंबर की रात 12 बजे तक (24 घंटे) के लिए प्रसारण बंद करने का निर्देश दिया है। यह निर्देश इस साल जनवरी में पंजाब के पठानकोट में भारतीय वायुसेना के बेस पर हुए हमले की कवरेज में प्रसारण मानकों के उल्लंघन पर दिया गया है। एनडीटीवी इंडिया का हालांकि कहना है कि उसने वही प्रसारित किया, जो अन्य चैनलों पर दिखाया गया।
dharmpath.com dharmpath