नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) द्वारा दिए जाने वाले हॉकी स्टार अवार्ड के लिए दो भारतीयों को नामांकित किया गया है।
भारत के पी.आर.श्रीजेश को जहां साल के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर वर्ग में नामांकित किया गया है, वहीं उभरते हुए सितारे (अंडर-23) वर्ग में हरमनप्रीत सिंह को जगह मिली है।
भारत की कोई भी महिला खिलाड़ी किसी भी श्रेणी के नामांकन नहीं पा सकी है।
हॉकी अवॉर्ड साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (महिला एवं पुरुष), साल के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर (महिला एवं पुरुष) उभरता सितारा (महिला एवं पुरुष), साल के सर्वश्रेष्ठ कोच (महिला एवं पुरुष) और साल के सर्वश्रेष्ठ अंपायर श्रेणी में दिए जाते हैं।
हर अवार्ड के लिए पांच महिला एवं पांच पुरुष खिलाड़ियों को नामांकित किया जाता है। यह सभी अवार्ड 2016 के सत्र में हुए अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर दिए जाएंगे।
विजेता का चुनाव ऑनलाइन वोटिंग, और अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों के वोट के आधार पर किया जाएगा।
सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, गोलकीपर और उभरते सितारे के लिए वोटिंग 16 नवंबर से दो दिसंबर तक खुली रहेंगी।
सभी विजेताओं की घोषणा अगले साल जनवरी में की जाएगी।
dharmpath.com dharmpath