एफटीआईआई के हड़ताली छात्रों से मिलने पहुंचे राहुल गांधी

पुणे (महाराष्ट्र), 31 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय कार्यकर्ताओं के जबर्दस्त विरोध के बीच प्रतिष्ठित भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) के हड़ताली विद्यार्थियों को समर्थन देने और उनसे बातचीत करने शुक्रवार सुबह यहां पहुंचे।

पिछले दो माह से एफटीआईआई के 200 से अधिक विद्यार्थी अभिनेता गजेंद्र चौहान को संस्थान का अध्यक्ष बनाए जाने का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी के बावजूद कक्षाओं का बहिष्कार किया हुआ है।

संस्थान के कुछ विद्यार्थियों ने राहुल गांधी को एक पत्र लिखा था और इस मुद्दे को संसद में उठाने के अलावा इसमें स्वयं हस्तक्षेप करने की मांग की थी।

कांग्रेस उपाध्यक्ष के एफटीआईआई दौरे का विरोध कर रहे स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल पर मामले को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया।

काली टी-शर्ट और नीली जींस में एफटीआईआई पहुंचे राहुल ने संस्थान के विद्यार्थियों से मुलाकात की और उनकी समस्या को लेकर सहानुभूति जताई।

इससे पूर्व संस्थान के पूर्व चर्चित विद्यार्थी, शीर्ष अभिनेता और बॉलीवुड हस्तियां गजेंद्र चौहान की नियुक्ति का विरोध कर रहे विद्यार्थियों के प्रति अपना समर्थन दिखा चुकी हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493