लंदन, 24 जनवरी (आईएएनएस)। फॉर्मूला-1 के नए चेयरमैन चेस केरे का कहना है कि विश्व की सबसे प्रतिष्ठित मोटर स्पोर्ट्स चैम्पियनशिप को एक नई शुरुआत की जरूरत थी और इसी कारण बर्नी एस्लेस्टोन को एफ-1 के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पद से हटा दिया गया।
लिबर्टी मीडिया द्वारा बर्नी को हटाए जाने के बाद केरे को नया चेयरमैन बनाया गया।
उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय ऑटोमोबाइल महासंघ (एफआईए) ने पिछले सप्ताह 4.4 अरब डॉलर में लिबर्टी मीडिया को सारे वाणिज्यिक अधिकार देने के मामले को स्वीकृति दे दी।
‘बीबीसी स्पोर्ट’ को दिए एक बयान में अमेरिका के चेस ने कहा, “बर्नी के लिए मेरे दिल में बहुत सम्मान है, लेकिन एफ-1 का संचालन पिछले चार या पांच साल की तुलना में नए सिरे से करने की जरूरत है। बर्नी अपने आप में एक टीम हैं और आज के समय में यह सही नहीं है।”
बर्नी को भले ही एफ-1 के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पद से हटा दिया गया है, लेकिन उन्हें सलाहकार की भूमिका का प्रस्ताव दिया गया है।
इसके विपरीत चार दशक तक एफ-1 का नेतृत्व करने वाले बर्नी ने जर्मनी की पत्रिका को दिए बयान में कहा कि वह खेल जगत में शामिल रहेंगे। हालांकि, उन्होंने अभी इस बात को जाहिर नहीं किया है कि वह किस प्रकार खेल में शामिल रहेंगे।
dharmpath.com dharmpath