इस्पात हर व्यक्ति के जीवन से जुड़ा है : वीरेंद्र सिंह

रायपुर, 24 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय इस्पात मंत्री चौधरी वीरेंद्र सिंह ने यहां मंगलवार को कहा कि इस्पात प्रत्येक व्यक्ति के जीवन से जुड़ा हुआ है। इस्पात की मांग हमेशा बनी रहती है, क्योंकि निर्माण कार्य इस्पात के उपयोग के बिना संभव ही नहीं है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप’ भी इस्पात से अछूते नहीं हैं। इस्पात उद्योग में मेक इन इंडिया की काफी संभावनाएं हैं।

वीरेंद्र सिंह ने इस्पात उद्योग के प्रतिनिधियों ने मुलाकात की। विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें अपनी समस्याओं और सुझावों से अवगत कराया।

इस्पात उद्योग के प्रतिनिधियों ने कहा कि इस समय बिजली की दर बहुत ज्यादा है, जिसे कम करने की जरूरत है और इस्पात उद्योग के लिए कच्चे माल की लगातार उपलब्धता बहुत जरूरी है।

प्रतिनिधियों ने कहा कि इस्पात की मांग बहुत कम है, जिससे इस्पात उद्योग पर विपरीत असर पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि नए उद्योग लगाने में पर्यावरण से संबंधित समस्याओं के कारण उद्योग लगाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिससे ऐसी नीति बनाई जाए कि पर्यावरण को भी नुकसान न हो और उद्योग भी आसानी से लगाए जा सकें।

उन्होंने कहा कि इस्पात उद्योगों को सरकार बिजली पर सब्सिडी देती है जो 2017 में समाप्त हो रही है। उन्होंने सरकार से सब्सिडी आगे भी जारी रखने की मांग की।

केंद्रीय मंत्री ने इस्पात उद्योग प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय इस्पात राज्यमंत्री विष्णु देव साय और इस्पात सचिव डॉ. अरुणा शर्मा भी मौजूद रहीं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493