लंदन, 31 मई (आईएएनएस)। मौजूदा फॉर्मूला वन चैम्पियन लुइस हेमिल्टन ने रविवार को मोनाको ग्रां प्री जीतने के बाद कहा कि विश्व चैम्पियनशिप की जंग अभी भी जारी है। वह इस समय मर्सिडिज टीम के निको रोसबर्ग से 24 अंक पीछे हैं।
रोसबर्ग के इस समय 106 अंक हैं तो वहीं हेमिल्टन के 82 अंक हैं।
बारिश से बाधित रेस में हेमिल्टन ने जीत हासिल की थी जबकि उनकी टीम के रोसबर्ग को सातवां स्थान हासिल हुआ था। इस जीत के साथ ही दोनों खिलाड़ियों के बीच 24 अंकों का अंतर ही रह गया है जबकि अभी 15 रेस बाकी हैं।
स्काई स्पोर्ट्स ने मंगलवार को हेमिल्टन के हवाले से लिखा, “मैं पहले इस स्थिति में होने पर सिर्फ उनकी तरफ से बोल सकता था। यह इससे पहले बड़ा मुकाबला था और आसान भी।”
उन्होंने कहा, “जीतने के लिए उनके पास अभी भी बढ़त है, लेकिन रेस अभी भी जारी है। कुछ भी हो सकता है।”
हेमिल्टन ने कहा कि मर्सिडिज टीम के ड्राइवर जब 2016 के खिताब के लिए लड़ेंगे तब टीम की सबसे जरूरी प्रथमिकता अपनी कारों को ठीक करना होगी। मोनाको में टीम को कुछ समस्याएं आई थीं।
विश्व चैम्पियन ने कहा कि अपने प्रतिद्वंदियों से मिल रही चुनौतियों का सामना करने के लिए टीम को पहले से कई ज्यादा एकजुट होना पड़ेगा।
हेमिल्टन ने कहा, “वाकई एक टीम के तौर पर हमें काफी मेहनत करने की जरूरत है क्योंकि हमारे ऊपर दबाव है। हमें कुछ समस्याएं हुईं और हमने गलतियां भी की हैं।”
dharmpath.com dharmpath