नई दिल्ली, 9 अगस्त (आईएएनएस)। एमनेस्टी इंटरनेशनल ने भारत से सशस्त्र बल (विशेष शक्तियां) अधिनियम (अफस्पा) खत्म करने के लिए कदम उठाने की मंगलवार को अपील की।
इरोम शर्मिला द्वारा अफस्पा के खिलाफ 16 साल लंबा अनशन तोड़ने के मौके पर एमनेस्टी ने यह अपील की है। भारतीय अधिकारियों से उनके खिलाफ लगे सभी आरोपों को हटाने की भी अपील की गई है।
एमनेस्टी ने एक बयान में कहा, “इरोम शर्मिला का 16 साल लंबा अनशन मानवाधिकार के प्रति उनके जज्बे और यह सोच कि किसी भी समाज में अफस्पा जैसे कानून के लिए कोई जगह नहीं है, का जीता जागता नमूना है।”
एम्नेस्टी ने कहा, “इरोम शर्मिला के अनशन तोड़ने के फैसले ने भारत को वार्ता शुरू करने तथा यह विचार करने का एक और मौका दिया है कि अफस्पा ने बीते 35 वर्षो के दौरान मणिपुर को कितना अलग-थलग कर दिया है।”
एमनेस्टी ने कहा कि मणिपुर में अफस्पा ने मानवाधिकारों का उल्लंघन करने वालों को दंडमुक्त किया है।
dharmpath.com dharmpath