एमसीडी चुनाव : भाजपा प्रचंड बहुमत की ओर (लीड-3)

नई दिल्ली, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव के लिए बुधवार को हो रही मतगणना में प्रचंड बहुमत की ओर बढ़ रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने जा रही है।

वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा पर ईवीएम में छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है।

राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि भाजपा को छह वार्डो में जीत मिल चुकी है। वह 270 में से 140 वार्डो में आगे चल रही है।

आप 40 वार्डो पर आगे चल रही हैं और अभी तक पार्टी ने एक ही वार्ड पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस 28 वार्डो में आगे हैं।

पूर्वी दिल्ली नगर निगम में भाजपा ने रामनगर और कृष्णनगर वार्ड जीत लिए हैं। दक्षिण दिल्ली नगर निगम में जनकपुरी पश्चिम, जनकपुरी दक्षिण और विष्णु गार्डन वार्ड जीत लिए हैं। वहीं, उत्तर दिल्ली नगर निगम में भाजपा ने रांजेंद्र नगर वार्ड जीत लिया है।

उत्तर दिल्ली नगर निगम में आप ने शकरपुर वार्ड जीत लिया है।

आप को दो साल बाद हार का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में 70 में से 67 सीटों पर जीत दर्ज की थी। वह 54 फीसदी के अंतर से जीती थी, जबकि भाजपा 70 में से सिर्फ तीन सीटें ही जीत पाई थी।

भाजपा ने इस जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को श्रेय दिया है।

दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि आप की हार से पता चलता है कि वह दिल्ली के लोगों की आकांक्षाओं पर खरी नहीं उतरी। उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि एमसीडी में नई सरकार चार महीनों में ही दिल्ली को स्वच्छ बना देगी।

तिवारी ने कहा, “हम अगले चार महीनों में ही दिल्ली को स्वच्छ बना देंगे। दिल्ली स्वच्छ हो जाएगी और बीमारी से मुक्त होगी।”

इस हार से निराश आप ने भाजपा पर ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाया।

राज्य के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने संवाददाताओं को बताया, “ईवीएम में गड़बड़ी किए बिना भाजपा के लिए इतनी बड़ी जीत संभव नहीं थी।”

वहीं, कांग्रेस दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन ने हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफे की पेशकश की है।

माकन ने संवाददाताओं को बताया, “मैं जल्द ही कांग्रेस अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को अपना इस्तीफा पेश करूंगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493