नई दिल्ली, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। अगले सप्ताह होने वाले दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव में खड़े 173 प्रत्याशियों के खिलाफ आपराधिक मामले चल रहे हैं, जिनमें से 116 प्रत्याशियों पर हत्या, अपहरण और महिलाओं के खिलाफ अपराध जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्तता के आरोप हैं। मंगलवार को आई एक रपट से यह खुलासा हुआ।
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने कहा है कि रपट के लिए एमसीडी चुनाव में खड़े कुल 2537 प्रत्याशियों में से 2,315 प्रत्याशियों के शपथ-पत्रों का विश्लेषण किया गया।
इनमें छह राष्ट्रीय स्तर की पार्टियों सहित कुल 18 राजनीतिक दलों के प्रत्याशी शामिल हैं।
रपट के अनुसार, एमसीडी चुनाव में कुल सात फीसदी प्रत्याशी ऐसे हैं, जिनके खिलाफ अदालत में आपराधिक मामले चल रहे हैं, जबकि गंभीर आपराधिक मामले झेल रहे प्रत्याशियों का प्रतिशत पांच है।
आपराधिक मामलों में संलिप्त प्रत्याशियों की संख्या के मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सबसे ऊपर है। भाजपा के 260 प्रत्याशियों में से 35 प्रत्याशियों के खिलाफ आपराधिक मामले चल रहे हैं। मतलब भाजपा में ऐसे 14 प्रतिशत प्रत्याशी हैं।
अन्य दलों की बात करें तो कांग्रेस के 250 में से 21 प्रत्याशियों के खिलाफ आपराधिक मामले चल रहे हैं, मतलब कांग्रेस के कुल 14 फीसदी प्रत्याशी आपराधिक पृष्ठभूमि वाले हैं। आम आदमी पार्टी (आप) के 191 प्रत्याशियों में से 13 प्रत्याशी आपराधिक मामलों में नामजद हैं, जो पार्टी के कुल प्रत्याशियों का सात फीसदी हैं।
रपट में शामिल प्रत्याशियों में 22 फीसदी प्रत्याशियों के पास एक करोड़ से पांच करोड़ रुपये की संपत्ति है, जबकि पांच फीसदी प्रत्याशियों के पास पांच से 20 करोड़ रुपये की संपत्ति है। तीन फीसदी प्रत्याशी ऐसे हैं, जिनके पास 10 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है।
एक करोड़ रुपये से अधिक संपत्ति वाले सर्वाधिक प्रत्याशी भाजपा में हैं। भाजपा के कुल 54 फीसदी प्रत्याशियों (164) के पास एक करोड़ रुपये से अधिक है।
वहीं कांग्रेस के 104 प्रत्याशी करोड़पति की श्रेणी में आते हैं, जो पार्टी के कुल प्रत्याशियों का 42 फीसदी है। वहीं आप के 22 फीसदी प्रत्याशियों, मतलब 41 प्रत्याशियों के पास एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है।
रपट में कहा गया है कि एमसीडी चुनाव में खड़े प्रत्याशियों की औसत आय 1.61 करोड़ रुपये है।
भाजपा के 260 प्रत्याशियों की औसत आय 2.89 करोड़ रुपये, कांग्रेस के 256 प्रत्याशियों की औसत आय 4.36 करोड़ रुपये और आप के 250 प्रत्याशियों की औसत आय 1.65 करोड़ रुपये है।
dharmpath.com dharmpath