नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। इस बार की गर्मियों में आयोजित होने वाले आंतरिक गृह सज्जा और कपड़ा व्यापार मेले ‘एंबियंते इंडिया’ और ‘हेमेटेक्सटाइल इंडिया’ में देश में बने यानी, मेक इन इंडिया उत्पादों को खास तरजीह दी जाएगी। यह बात हाल ही में जारी मैसे फ्रैंकफर्ट इंडिया की एक रिपोर्ट में कही गई।
दोनों ही व्यापार मेले एक साथ नई दिल्ली के प्रगति मैदान में 25-27 जून को आयोजित होंगे।
दिल्ली स्थित जगदीश स्टोर के मालिक जगदीश खंडेलवाल ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा है कि तकरीबन 70 प्रतिशत टेक्सटाइल व डिकोर उत्पाद दिल्ली में बिकते हैं। ऐसे में यह मेला भारतीय उत्पादकों के लिए अच्छा मंच साबित होगा।
ग्रीन लाईन प्रा. लि की डॉ. निधि शंकर ने कहा कि वैश्विक होम फर्नीशिंग व इंटीरियर डिकोर उद्योग में भारतीय उत्पादों की खासी मांग है। नई स्टाइल के वेलवेट उत्पाद, लेस, सजावटी तकिए, रजाई और ब्लॉक प्रिटिंग से बने सामानों ने अंर्राष्ट्रीय बाजार में नई पहचान बनाई है।
इस मांग को देखते हुए इंटीरियर व होम फर्निशिंग से जुड़ी भारतीय उत्पादक कंपनियों के लिए अपने उत्पाद को अंतर्राष्ट्रीय बाजार में बेचना आसान होगा। ऐसे में ‘एम्बियन्ते व हेमेटेक्सटाइल इंडिया’ मेले भारतीय उत्पादों के लिए एक अच्छा मंच साबित होंगे।
‘हेमेटेक्सटिल इंडिया 2015’ मेला क्षेत्र पिछले साल की तुलना में 40 प्रतिशत बड़ा होगा। इस मेले की राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर काफी मांग है।
‘एम्बियन्ते इंडिया 2015’ के लिए अधिकांश स्टॉलों की बुकिंग हो चुकी है। मैसे फ्रैंकफर्ट ट्रेड फेयर इंडिया प्रा. लि के महाप्रबंधक विन्सटन पेरेरा ने कहा कि हमें भारतीय आंतरिक गृह सज्जा बाजार का हिस्सा बनने की बेहद खुशी है। एम्बियन्ते इंडिया आंतरिक गृह सज्जा का व्यापार करने वालों के लिए आदर्श मंच साबित होगा। इस मेले में उन्हें उद्योग के दिग्गजों से जुड़ने का मौका मिलेगा।
dharmpath.com dharmpath