नई दिल्ली, 8 नवंबर (आईएएनएस)। एलईडी एक्सपो 30 नवंबर से दिल्ली में आयोजित किया जाएगा जिसमें दुनिया भर के 270 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा लेंगे।
एक शोध में बताया गया है कि साल 2021 तक एलईडी तकनीक की देश के प्रकाश व्यवस्था में हिस्सेदारी बढ़कर 57 फीसदी हो जाएगी। ऐसे में एलईडी के बढ़ते बाजार व मांग को देखकर मेसे फ्रैंकफर्ट इंडिया द्वारा ग्रीन तकनीकों के प्रचार-प्रसार के लिए एलईडी लाइट की प्रदर्शनी ‘एलईडी एक्सपो 2017’ का आयोजन किया जा रहा है।
मेसे फ्रैंकफर्ट इंडिया के निदेशक मंडल के सदस्य राज मानिक ने बताया, “इस एक्सपो के जरिए एलईडी के क्षेत्र में भारतीय अवसरों की जानकारी व्यापार व उद्योग जगत को होगी और इस क्षेत्र की समझ भी बढ़ेगी। हमारा डिपार्टमेट इलेक्ट्रॉनिक्स व एलईडी के डिजाइन व निर्माण को बढ़ावा देने के लिए नीतिगत पहलुओं का निर्माण कर रहा है। भारत सरकार देश में इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण की सुविधाओं को बनाने के लिए तमाम प्रोत्साहन दे रही है। मसलन संशोधित विशेष प्रोत्साहन पैकेज योजना, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्लस्टर योजना, तय मानकों के लिए लिए अनिवार्य पंजीकरण आदेश और स्किल डेवलपमेंट। हमें उम्मीद है कि हमारे इन प्रयासों की जानकारी ‘एलईडी एक्स्पो 2017’ के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोगांे तक पहुंचेगी।”
उन्होंने बताया कि एलईडी सार्वजनिक, वाणिज्यिक और निजी जगहों को रोशन करने के लिए बेहतरीन प्रकाश व्यवस्था के साथ-साथ पर्यावरण के लिए अनुकूल भी है और कार्बन फुटप्रिंट को कम भी करती है।
dharmpath.com dharmpath