एलएंडटी, हान्हवा टेकविन सेना के लिए बनाएगी हथियार

नई दिल्ली, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। रक्षा से जुड़ी निजी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी लार्सन एंड टुब्रो और दक्षिण कोरिया की हान्हवा टेकविन ने शुक्रवार को भारतीय थल सेना के लिए अत्याधुनिक हथियारों के निर्माण के एक समझौते पर हस्ताक्षर किया। इसके तहत 155एमएम/52 कैल ट्रैक्ड सेल्फ प्रोपेल्ड (एसपी) नामक सचल तोप का निर्माण किया जाएगा।

बहुराष्ट्रीय कंपनी एलएंडटी ने एक बयान में कहा कि उसके के9 वीएजेआरए-टी गन रेगिस्तान में होने वाले अभियानों सहित भारतीय थल सेना की विशिष्ट आवश्यकताओं को पूरा करने की ²ष्टि से अत्यंत उपयुक्त हैं। सेना ने इस तोप के लिए एलएंडटी को प्रदर्शन के आधार पर एकमात्र बोलीदाता घोषित किया है।

एचटीडब्ल्यू का के9 थंडर दुनिया के सर्वश्रेष्ठ सेल्फ-प्रोपेल्ड हाउइट्जर्स में से एक है, जो हजार से अधिक संख्या में कोरिया व कुछ अन्य देशों में पहले से ही तैनात है।

सामान्यत: तोपों को किसी वाहन जैसे ट्रक इत्यादि द्वारा खींचा जाता है, लेकिन प्रोपेल्ड गन किसी वाहन के चेसिस से ही जोड़ा जा सकता है। इससे इसे लाना-ले जाना काफी आसान हो जाता है।

एलएंडटी के डिफेंस एवं एयरोस्पेस प्रमुख और हैवी इंजीनियरिंग बोर्ड के सदस्य जयंत पाटील ने कहा, “यह करार एलएंडटी के रक्षा कारोबार के सफर में और हान्हवा टेकविन के साथ हमारे रिश्ते में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह भारत सरकार के ‘मेक इन इंडिया’ के सपने को आगे बढ़ाने की दिशा में एक बहुत बड़ा कदम है। एलएंडटी की योजना महाराष्ट्र के पुणे के निकट तालेगांव स्थित अपने संयंत्र में इस महत्वपूर्ण आयुध प्रणाली का निर्माण शुरू करने और 10 तोपों की पहली किस्त की आपूर्ति करने की है।”

उन्होंने कहा, “एलएंडटी ने के9 वीएजेआरए-टी तैयार करने, उनके परीक्षण करने और उन्हें क्वालिफाई करने के लिए उत्कृष्ट टेस्ट ट्रैक के साथ गुजरात के हजीरा में ग्रीनफील्ड उत्पादन लाइन स्थापित करने का भी कार्य शुरू कर दिया है।”

कंपनी ने कहा कि एलएंडटी भारत में के9 वीएजेआरए-टी का केवल निर्माण ही नहीं करेगा, बल्कि इसमें प्रयुक्त 50 फीसदी से अधिक सामग्री देशी होगी।

साल 2013 में इस तोप का फील्ड ट्रायल पोखरण में किया गया था। साल 2015 के सितंबर में एलएंटटी को ट्रायल में सफल होनेवाली एकमात्र कंपनी घोषित किया गया।

भारतीय सेना और एलएंडटी के बीच इस तोप की बिक्री के अंतिम समझौते पर हस्ताक्षर अगले एक-दो दिनों में किया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493