भुवनेश्वर, 4 जुलाई (आईएएनएस)। कजाकिस्तान में हाल ही में सम्पन्न जी. कोसानोव मेमोरियल मीट में शानदार प्रदर्शन करने वाली फर्राटा धावक दुती चंद बुधवार से शुरू हो रही 22वीं एशियन एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में अच्छे प्रदर्शन को लेकर आश्वस्त हैं।
भुवनेश्वर, 4 जुलाई (आईएएनएस)। कजाकिस्तान में हाल ही में सम्पन्न जी. कोसानोव मेमोरियल मीट में शानदार प्रदर्शन करने वाली फर्राटा धावक दुती चंद बुधवार से शुरू हो रही 22वीं एशियन एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में अच्छे प्रदर्शन को लेकर आश्वस्त हैं।
पांच दिनों तक चलने वाली यह चैम्पियनशिप कलिंगा स्टेडियम में नौ जुलाई को खत्म होगी।
उन्हें इस टूर्नामेंट में जाने से पहले पुणे में चार साल पहले हुई एशियन एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में 200 मीटर स्पर्धा में हासिल किए गए कांस्य पदक से प्रेरणा मिलेगी।
ओलम्पिक में हिस्सा लेने वाली दुती ने आईएएनएस से कहा, “कलिंगा स्टेडियम से मेरा लगाव काफी लंबा है। जुलाई-2006 से मैंने यहां कई अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट्स खेले हैं। चूंकि मैं यहीं की रहने वाली हूं तो मुझे समर्थन भी अच्छा मिलेगा।”
वह इस चैम्पियनशिप में 100 मीटर, 200 मीटर और 4 गुणा 100 मीटर रिले में हिस्सा ले रही हैं।
उन्होंने कहा, “मैं इस समय आत्मविश्वास से भरी हूं। 2013 में मैंने पहली बार एशियन चैम्पियनशिप में कदम रखा था। इसके बाद मैंने कई टूर्नामेंट खेले हैं जिसमें ओलम्पिक खेल भी शामिल हैं।”
दुती ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि मैं इस बार भी पदक जीतूंगी। अन्य देशों में हमें मौसम के साथ सामंजस्य बिठाने में समय लगता है,लेकिन यह मेरा घरेलू राज्य है और मैं यहां के मौसम से भलीभांती वाकिफ हूं।”
दुती को अब जर्मनी के कोच राल्फ इक्र्कट का मार्गदर्शन भी मिल रहा है, जिन्हें अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स महासंघ ने एशियाई देशों के लिए नियुक्त किया है।
दुती ने इस पर कहा, “अपने कोच नागापुरम रमेश के अलावा मुझे जर्मनी के कोच से भी अच्छा मार्गदर्शन मिल रहा है। उम्मीद है कि इससे मेरी टाइमिंग सुधरेगी।”
एशियन एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में इस साल 45 देशों के 800 एथलीट हिस्सा लेंगे। ये खिलाड़ी 42 स्पर्धाओं में शरीक होंगे। यह प्रतियोगिता लंदन में होने वाली विश्व चैम्पियनशिप के लिए क्वालीफाईंग इवेंट है।
dharmpath.com dharmpath