एशियन ओलम्पिक क्वालीफाइंग में भारत का एक और खराब दिन

नई दिल्ली, 31 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय निशानेबाज एशियन ओलम्पिक क्वालीफाइंग में लगातार दूसरे दिन रविवार को कोई उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल नहीं कर सके।

राष्ट्रीय राजधानी के कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में हुए टूर्नामेंट में महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजिशंस स्पर्धा में भारत की एलिजाबेथ सूसन कोशी चौथा स्थान हासिल कर सकीं।

सिंगापुर की निशानेबाज जैसमिन जेर ने स्पर्धा का स्वर्ण पदक हासिल करते हुए ओलम्पिक में जगह पक्की कर ली। स्पर्धा से शेष दो कोटा स्थानों पर रजत पदक विजेता ईरान की माहलाघा जाम्बोजोर्ग और कांस्य पदक विजेता दक्षिण कोरिया की कायरिम ली ने जगह बनाई।

महिलाओं की ही 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में हिस्सा ले रहीं भारत की तीनों निशानेबाजों ने निराश किया और फाइनल में प्रवेश नहीं कर पाईं। राही सरनोबाट 575 के स्कोर के साथ 12वां स्थान हासिल कर सकीं, जबकि अनीशा सैयद (572) 17वें और अन्नु राज सिंह (570) 21वें स्थान पर रहीं।

स्पर्धा से तीनों पदकों पर दक्षिण कोरियाई निशानेबाजों ने कब्जा जमाया। कोह युन ने स्वर्ण, मुनजुंग किम ने रजत और जि हाय किम ने कांस्य पदक हासिल किया। हालांकि स्पर्धा से निर्धारित तीन कोटा स्थानों पर इनमें से कोई एक ही खिलाड़ी कब्जा जमा पाएंगी, क्योंकि एक कोटा स्थान कोरिया पहले ही हासिल कर चुका है।

अन्य दो कोटा स्थानों पर चौथे स्थान पर रहीं जापान की अकीको सैटो और पांचवें स्थान पर रहीं सिंगापुर की शुन शी टेओ पर जगह बनाई।

क्वालीफाइंग टूर्नामेंट के दो दिन और शेष रह गए हैं और ओलम्पिक में जगह हासिल करने के लिए अब कुल 10 कोटा स्थान रह गए हैं। सोमवार को पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा और महिलाओं की स्कीट स्पर्धा के फाइनल खेले जाएंगे।

पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भारत का दावा ओंकार सिंह, अमन पठानिया और जीतेंद्र विभूते पर निर्भर होगा, जबकि महिला स्कीट स्पर्धा में सानिया शेख, आरती सिंह राव और रश्मि राठौड़ भारत की दावेदारी पेश करेंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493