एशियन गोल्फ टीम के उप-कप्तान नियुक्त किए गए चीन के लियांग

शाह आलम (मलेशिया), 29 दिसम्बर (आईएएनएस)। एशियन गोल्फ टीम के कप्तान भारत के अनुभवी गोल्फ खिलाड़ी जीव मिल्खा सिंह ने यूरेशिया कप के लिए चीन के लियांग वेन-चोंग को अपना उप-कप्तान नियुक्त किया।

यूरेशिया कप अगले वर्ष ग्लेनमैरी गोल्फ एंड कंट्री क्लब में 15 से 17 जनवरी के बीच खेला जाएगा।

एशियन टूर के पूर्व चैम्पियन तथा एशियन टूर और जापान गोल्फ टूर में खिताब जीत चुके लियांग यूरेशिया कप में डारेन क्लार्क की कप्तानी वाली यूरोपीय टीम के खिलाफ 12 सदस्यीय एशियाई टीम में जीव को सहयोग देंगे।

एशियन टूर में दो खिताब जीत चुके जीव ने कहा, “मुझे यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि लियांग ने यूरेशिया कप में एशियन टीम का उप-कप्तान बनने का मेरा अनुरोध स्वीकार कर लिया है।”

जीव ने कहा, “लियांग एशिया और जापान में सम्माननीय खिलाड़ी हैं और एशियन टीम के सभी सदस्यों से अच्छी तरह वाकिफ हैं और निश्चित तौर पर वह हमारी टीम में सकारात्मक योगदान देंगे। मैं उनसे टीम की रणनीति तैयार करने, मुझे सहयोग देने और टीम के प्रदर्शन पर सकारात्मक प्रतिक्रिया की उम्मीद करता हूं।”

37 वर्षीय लियांग 2007 में एशियन टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट विजेता रहे और ऐसा करने वाले चीन के पहले खिलाड़ी बने। तब से उन्होंने तीन एशियन टूर खिताब जीते। मौजूदा सत्र में लियांग ने जापान गोल्फ टूर पर पहली खिताब भी हासिल की।

लियांग ने कहा, “एशियन गोल्फ टीम का उप-कप्तान चुना जाना सम्मान की बात है और मुझमें विश्वास जताने के लिए मैं कप्तान जीव मिल्खा सिंह का आभारी हूं। मैं जीव को काफी समय से जानता हूं और एक प्रतिस्पर्धी के तौर पर मैं उनका काफी सम्मान करता हूं और अब मैं यूरेशिया कप में एशियन टीम के लिए उनका सहयोगी रहूंगा।”

लियांग ने आगे कहा, “मैंने 2014 में पहली बार यूरेशिया कप ध्यान से देखा। तब दोनों टीमें 10-10 से बराबरी पर रही थीं और पूरा मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। मैं टीम के लिए जितना कर सका, करूंगा और मुझे पूरा विश्वास है कि एशियन टीम इस बार विजेता बनेगी।”

टीम एशिया में कप्तान जीव और उप-कप्तान लियांग के अलावा भारत के शीर्ष वरीय खिलाड़ी अनिर्बान लाहिड़ी, एस. एस. पी. चौरसिया, थाईलैंड के दिग्गज थोंगचाई जैदी, किराडेक एफिबार्नराट, प्रायाद मार्कसेंग, दक्षिण कोरिया के किम युंग ताई, मलेशिया के निकोलस फंग, ज्यूंगहुन वांग और चीन के वू आशुन शामिल हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493