चांगशा (चीन), 28 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय बास्केटबाल टीम ने जबरदस्त वापसी करते हुए फीबा एशिया बास्केटबॉल चैम्यिनशिप में सोमवार को हांगकांग को 76-71 से हरा दिया।
इस जीत के साथ भारतीय टीम 12 वर्ष के अंतराल के बाद क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करने से सिर्फ एक जीत दूर रह गई है।
भारत के लिए अमियाजोत सिंह ने सर्वाधिक 26 अंक जुटाए और 12 रिबाउंड हासिल किए, जबकि अनुभवी यादविंदर सिंह ने 18 और विशेष भृगुवंशी ने 16 अंक जुटाए।
सी. वोंग (21 अंक) हांगकांग के सर्वोच्च स्कोरर रहे।
हांगकांग ने आक्रामक शुरुआत करते हुए पहले क्वार्टर में 19-14 से बढ़त हासिल कर ली। दूसरा क्वार्टर कांटे का रहा, जबकि भारतीय टीम ने तीसरे और चौथे क्वार्टर में जबरदस्त वापसी करते हुए जीत हासिल की।
मैच के बाद यादविंदर ने कहा, “हम शुरुआत में पिछड़ रहे थे, लेकिन हमें पूरा विश्वास था कि हम जीत हासिल कर लेंगे। मेरा ध्यान हमेशा से डिफेंस पर रहा, लेकिन जब मुझे लगा टीम स्कोर नहीं कर पा रही तो मैंने आक्रामक रुख अपनाया।”
भारतीय टीम को हालांकि मंगलवार को फिलीपींस की कठिन चुनौती का सामना करना होगा।
dharmpath.com dharmpath