एशियन यूथ चैम्पियनशिप के लिए भारतीय दल रवाना

नई दिल्ली, 6 मई (आईएएनएस)। दोहा में आठ से 11 मई के बीच होने वाले एशियन यूथ चैम्पियनशिप के पहले संस्करण में हिस्सा लेने के लिए 22 सदस्यीय भारतीय दल बुधवार को रवाना हो गया। इस दल में 13 लड़के और नौ लड़कियां हैं।

एशियन यूथ चैम्पियनशिप में 40 देशों से 400 से ज्यादा एथलीट हिस्सा लेंगे।

चैम्पियनशिप के लिए भारतीय दल का चयन अप्रैल में गोवा में आयोजित राष्ट्रीय यूथ चैम्पियनशिप में प्रदर्शन के आधार पर किया गया। इसके बाद चयनित एथलीटों के लिए सोनीपत में एक हफ्ते का अभ्यास शिविर आयोजित किया गया।

भारतीय दल के लिए चुने गए मुख्य एथलीटों में बेयंत सिंह (800 मीटर), जिस्ना मैथ्यू (200 और 400 मीटर), दिग्गज भारतीय एथलीट पी. टी. ऊषा की शिष्या ऊंची कूद की एथलीट तेजस्विनी शंकर, अभिषेक द्राल (गोला फेंक) और आशीष जाखड़ के नाम शामिल हैं।

भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) के अध्यक्ष आदिल सुमरीवाला ने भारतीय दल को बधाई दी और कहा, “यूथ कार्यक्रम एएफआई की उस योजना का एक अहम हिस्सा है, जिसका उद्देश्य ऐसी युवा प्रतिभाओं को विकसित करना है जो बाद में ओलम्पिक में देश का परचम लहरा सकें और एथलेटिक्स की लोकप्रियता में इजाफा कर सकें।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493