एशियन साइकिल चैम्पियनशिप में देबोराह करेंगी भारत की आगुआई

नई दिल्ली, 4 फरवरी (आईएएनएस)। टाइम ट्रायल स्पर्धा की विश्व रैंकिंग में छठी वरीयता प्राप्त महिला साइकिल चालक देबोराह हेराल्ड सोमवार से शुरू हो रही 37वीं एशियन ट्रैक साइकिलिंग चैम्पियनशिप में भारतीय टीम की कमान संभालेंगी।

यह चैम्पियनशिप छह फरवरी से 10 फरवरी के बीच राष्ट्रीय राजधानी के इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित की जाएगी।

37वें एशियन साइकिल चैम्पियनशिप में भारत की 35 सदस्यीय टीम हिस्सा ले रही है। भारत को तीसरी बार इस चैम्पियनशिप की मेजबानी मिली है। इससे पहले 2005 और 2013 में भी भारत इसकी मेजबानी कर चुका है।

इस चैम्पियनशिप में कुल 18 देशों के 500 से अधिक साइकिल चालक पुरुष इलिट, महिला इलिट, पुरुष जूनियर और महिला जूनियर- चार श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा करेंगे। एशियन साइकिल चैम्पियनशिप में हिस्सा लेने वाले देशों में चीन, सिंगापुर, हांगकांग, इंडोनेशिया, उजबेकिस्तान, कजाकिस्तान, कोरिया, जापान, ईरान, मंगोलिया, थाईलैंड, ताईवान, तुर्कमेनिस्तान, यूएई, सऊदी अरब, मलेशिया और मकाऊ शामिल हैं।

चैम्पियनशिप से पहले आयोजित संवाददाता सम्मेलन में देबोराह ने कहा, “मैं यह नहीं कह सकती की मैं सर्वश्रेष्ठ हूं लेकिन मैं अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास करूंगी और यही मेरी सफलता का राज है। साइकिलिंग मेरा जुनून है और मैं हमेशा इसी के बारे में सोचती रहती हूं। मेरा लक्ष्य विश्व चैमिप्यनशिप में शीर्ष-3 में जगह बनाना है और मैं जानती हूं कि यह ज्यादा दूर नहीं है।”

इस चैम्पियनशिप में रियो ओलम्पिक की केईरिन रेस में कांस्य पदक जीतने वाले मलेशिया के अवांग और लंदन ओलम्पिक-2012 में महिलाओं की केईरिन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली हांगकांग की ली वेई भी हिस्सा ले रही हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493