एशियाई खेल (बैडमिंटन) : सिंधु, सायना प्री-क्वार्टर फाइनल में (राउंडअप)

जकार्ता, 23 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय बैडमिंटन के लिए 18वें एशियाई खेलों का पांचवां दिन काफी अच्छा रहा। मिश्रित युगल के दोनों मुकाबले तथा महिला युगल वर्ग के एक मुकाबले को छोड़कर गुरुवार को भारत सभी वर्गों के मुकाबलों में जीतने में सफल रहा।

रियो ओलम्पिक की रजत पदक विजेता पी.वी. सिंधु और लंदन ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता सायना नेहवाल ने महिला एकल के प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया तो वहीं अश्विनी पोनप्पा और एन.सिक्की रेड्डी ने महिला युगल वर्ग में जीत दर्ज की।

पुरुष युगल में भारत को दोनों मुकाबले में जीत मिली लेकिन मिश्रित युगल में भारत को दोनों मुकाबले में मुंह की खानी पड़ी।

सिंधु ने अंतिम-32 के मुकाबले में वियतनाम की थी रांग वु को 58 मिनट तक चले तीन गेमों के मुकाबले में 21-10, 12-21, 23-21 से मात दी। सिंधु ने पहले गेम में अच्छी शुरुआत की और वियतनाम की खिलाड़ी पर दबाव बनाते हुए इसे 21-10 से जीत लिया।

वियतनाम की रांग ने दूसरे गेम में लय में वापसी की और सिंधु पर हावी होते हुए स्कोर 6-6 से बराबर किया। यहां सिंधु की गलतियों का फायदा उठाते हुए अटैक करते हुए रांग ने दूसरे गेम में 21-12 से जीत हासिल की।

सिंधु ने इसके बाद अच्छे अंक लेकर वियतनाम की खिलाड़ी के खिलाफ 18-15 की बढ़त बनाई। रांग भी पीछे नहीं हटना चाहती थीं और उन्होंने दो अंक लेकर सिंधु के खिलाफ 18-18 से बराबरी कर ली। दोनों खिलाड़ियों के बीच बराबरी का यह खेल बेहद रोमांचक हो चला था और दोनों का स्कोर 21-21 से बराबर था। यहां सिंधु ने तेजी दिखाकर अटैक करते हुए दो अंक लेकर तीसरा गेम 23-21 से अपने नाम कर अंतिम-16 में प्रवेश किया।

सायना ने अंतिम-32 के मैच ईरान की सुरैया को सीधे गेमों में 21-7, 21-9 से मात दी और अंतिम-16 दौर में कदम रखा।

इस बीच एकल के अलावा युगल में भी भारतीय खिलाड़ी अपने-अपने जोड़ीदारों के साथ मैच जीतने में सफल रहे।

अश्विनी पोनप्पा और एन.सिक्की रेड्डी की भारतीय महिला जोड़ी ने अंतिम-32 दौर में हांगकांग की एनजीए येउंग और एनजी विंग की जोड़ी को केवल 32 मिनटों के भीतर सीधे गेमों में 21-16, 21-15 से मात देकर अंतिम-16 दौर में प्रवेश किया।

महिला युगल वर्ग के एक मैच में रितूपरणा पांडा और आरती सारा सुनिल को थाईलैंड की फाटाईमास मुयेनवोंग ने 21-11, 21-6 से परास्त किया।

पुरुष युगल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने अंतिम-32 दौर में हांगकांग की चुन हेई ताम और योनी चुंग की जोड़ी को 32 मिनटों में सीधे गेमों में 21-12, 21-14 से मात देकर अंतिम-16 में कदम रखा।

वहीं, मनु अत्री और बी. सुमित रेड्डी ने पुरुष युगल वर्ग में अंतिम-32 दौर में मालदीव के मोहम्मद राशिद और तोएफ मोहम्मद को सीधे गेमों में 20 मिनट के भीतर 21-10, 21-8 से मात दी और प्री-क्वार्टर फाइनल में कदम रखा। प्री-क्वार्टर फाइनल में मनु और रेड्डी की सामना चीन की जुनहुई ली और युचेन लियु की जोड़ी से होगा।

मिश्रित युगल में हालांकि भारत को निराशा हाथ लगी है। एन. सिक्की रेड्डी और प्रणव चैरी चोपड़ा की जोड़ी को अंतिम-32 के मैच में मलेशिया के पेंग सून चान और लियू यिंग गोह ने भारतीय जोड़ी को 21-15, 23-21 से मात दी। यह मैच सिर्फ 48 मिनट तक चला।

इससे पहले, अश्विनी पोनप्पा और उनके पुरुष जोड़ीदार सात्विक साईराज रंकीरेड्डी भी पहले ही दौर से बाहर हो गए हैें। भारतीय जोड़ी को थाईलैंड की डी.पुआवारानउरोख और एस. टाएराटानचाई की जोड़ी ने अंतिम-32 के मैच में सीधे गेमों में 27-25, 21-16 से मात दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493