सापोरो, 23 फरवरी (आईएएनएस)। कजाकिस्तान ने गुरुवार को एशियाई शीतकालीन खेलों में बॉयथलॉन प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक जीते।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, बॉयथलॉन में महिलाओं की 7.5 किलोमीटर स्पर्धा में कजाकिस्तान की विशेवस्काया गलिना (20 मिनट 32.6 सेकेंड) ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया, वहीं चीन की झांग यान (20 मिनट 56.8 सेकेंड) को रजत पदक हासिल हुआ।
झांग ने कहा, “मैंने शूटिंग में सभी 10 लक्ष्यों को हासिल किया था, लेकिन कजाकिस्तान की प्रतिभागी से थोड़ा पीछे रह गई। वह बहुत तेज थी और उसे हराना मुश्किल था।”
इस स्पर्धा में कजाकिस्तान की ही पाईकोवा एलिना को कांस्य पदक मिला।
पुरुषों की बॉयथलॉन दौड़ स्पर्धा में कजाकिस्तान के सावित्स्की यान ने स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने यह दौड़ 26 मिनट और 59 सेकेंड में पूरी की।
इसके अलावा, पुरुषों की स्पर्धा में सावित्स्की के हमवतन पेडकोरेतोव वासिले (27 मिनट 14 सेकेंड) को रजत पदक मिला, वहीं जापान के ताचिजाकी मिकितो (27 मिनट 19 सेकेंड) ने कांस्य पदक जीता।
dharmpath.com dharmpath