एशिया कप : बांग्लादेश ने अफगानिस्तान को दिया 250 रन का लक्ष्य

अबुधाबी, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। महमुदुल्लाह (74) और इमरूल कायेस (नाबाद 72) के अर्धशतकों की मदद से बांग्लादेश ने यहां शेख जायेद स्टेडियम में खेले जा रहे एशिया कप-2018 के सुपर-4 मुकाबले में रविवार को अफगानिस्तान के खिलाफ सात विकेट पर 249 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बना लिया।

बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लेकिन टीम ने एक समय 87 रन पर ही अपने पांच विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद महमुदुल्लाह और कायेस ने छठे विकेट के लिए 128 रन की साझेदारी कर टीम को 200 के पार पहुंचाया।

महमुदुल्लाह 215 के स्कोर पर आउट हुए। उन्होंने 81 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्के लगाए। उनका यह 20वां अर्धशतक है। कायेस ने 89 गेंदों की नाबाद पारी में छह चौके जड़े। कायेस का वनडे में यह 15वां अर्धशतक है।

बांग्लादेश की टीम ने अंतिम पांच ओवर में 42 रन जोड़े और दो विकेट गंवाए जिसकी बदौलत वह सात विकेट पर 249 रन तक पहुंच सकी। लिटन दास ने 41, मुश्फिकुर रहीम ने 33 और कप्तान मशरफे मुर्तजा ने 10 रन का योगदान दिया।

अफगानिस्तान की ओर से आफताब आलम ने तीन और मुजीब उर रहमान तथा राशिद खान ने एक-एक विकेट लिए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493