मीरपुर (ढाका), 3 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय गेंदबाजों की किफायती गेंदबाजी के कारण संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की टीम शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में खेले जा रहे एशिया कप के नौवें मैच में गुरुवार को निर्धारित 20 ओवर में 81 रन ही बना सकी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूएई टीम की तरफ से सबसे ज्यादा 49 रन शेमन अनवर ने बनाए। वह नाबाद पवेलियन लौटे। भारत को जीत के लिए 82 रनों का लक्ष्य मिला है।
भारतीय गेंदबाजों के सामने यूएई की टीम जूझती नजर आई। तेज रन बटोरने के चक्कर में उसके बल्लेबाज एक के बाद एक आउट होते चले गए।
टीम को पहला झटका तीसरे ओवर में लगा, उस समय टीम का कुल स्कोर एक रन ही था। स्वप्निल पाटिल (1) को भुवनेश्वर कुमार ने अपनी ही गेंद पर कैच कर पवेलियन भेजा।
खाते में एक रन ही जुड़ा था कि मोहम्मद शहजाद (0) को जसप्रीत बुमराह ने पवेलियन भेजा। इसके बाद अनवर ने रोहन मुस्तफा (11) के साथ तीसरे विकेट के लिए 23 रन की साझेदारी की। मुस्तफा को हार्दिक पांड्या ने आउट किया।
अनवर और मुस्तफा के अलावा यूएई का कोई भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े में नहीं पहुच सका।
अनवर ने चौथे विकेट के लिए मोहम्मद उस्मान (9) के साथ 26 रनों की साझेदारी की। यह साझेदारी यूएई की तरफ से इस मैच में सबसे बड़ी साझेदारी थी। इस साझेदारी को अपना पहला मैच खेल रहे पवन नेगी ने तोड़ा। उन्होंने उस्मान को कैच आउट करवा अपनी पहली सफलता हासिल की।
अनवर एक छोर संभाले हुए थे लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे।
भारत की तरफ से सबसे ज्यादा दो विकेट भुवनेश्वर ने लिए। बुमराह, पांड्या, नेगी, हरभजन सिंह, युवराज सिंह ने एक-एक विकेट लिए। दो बल्लेबाज रन आउट हुए।
dharmpath.com dharmpath