एसीबी ने तेदेपा नेता का बयान दर्ज किया (लीड-2)

हैदराबाद, 17 जून (आईएएनएस)। तेलंगाना के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने ‘वोट के बदले नोट’ मामले में बुधवार को तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के वी.नरेंद्र रेड्डी से पूछताछ की, और मनोनीत विधायक एल्विस स्टीफन्सन का बयान दर्ज किया।

एसीबी अधिकारियों ने नरेंद्र रेड्डी से पांच घंटे पूछताछ की, जबकि एक अन्य नेता सांड्रा वेंकट वीरैया जांच एजेंसी के समक्ष अभी पेश नहीं हुए हैं, जिन्हें नरेंद्र रेड्डी के साथ सम्मन भेजा गया था।

एसीबी ने मंगलवार को तेदेपा नेताओं वीरैया और नरेंद्र रेड्डी को नोटिस जारी किया था।

वीरैया अपने आवास पर मौजूद नहीं थे, तो अधिकारियों ने उनके आवास के दरवाजे पर नोटिस चिपका दिया।

नरेंद्र रेड्डी विधान परिषद चुनाव में तेदेपा-भाजपा उम्मीदवार थे इसलिए इस मामले में उनसे पूछताछ को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

तेदेपा विधायक ए.रेवंत रेड्डी को 31 मई को एसीबी ने गिरफ्तार किया था, जब वह विधायक एल्विस स्टीफन्सन को नरेंद्र रेड्डी के पक्ष में वोट करने के लिए 50 लाख रुपये की पेशकश कर रहे थे।

स्टीफन्सन की शिकायत पर एसीबी ने जाल बिछाया था, जिसके तहत रेवंत और उनके सहयोगी सेबेस्तियन हैरी तथा उदय सिन्हा को सिकंदराबाद स्थित स्टीफन्सन के रिश्तेदार के फ्लैट से गिरफ्तार किया गया।

एसीबी 50 लाख रुपये के स्रोत तथा पांच करोड़ रुपये के सौदे में 4.5 करोड़ रुपये का इंतजाम करने के संबंध में तीनों आरोपियों से पूछताछ कर चुकी है।

एसीबी ने नरेंद्र रेड्डी और वीरैया को रेवंत तथा दो आरोपियों के पेश किए गए आंकड़े का विश्लेषण करने के बाद बुलाया।

स्टीफन्सन ने बुधवार को अदालत के सामने अपना बयान दर्ज कराया। उनकी बेटी जेसिका और फ्लैट के मालिक ने भी तीसरे महानगर अदालत में अपना बयान दर्ज कराया।

पुलिस ने अदालत के अंदर और बाहर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम कर रखे थे। स्टीफन्सन विधानसभा में एंग्लो इंडियन समुदाय का प्रतिनिधित्व करते हैं।

एसीबी तेदेपा अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन.चंद्रबाबू नायडू और पार्टी के दो अन्य सांसदों को भी नोटिस जारी करने की तैयारी में है।

चंद्रबाबू नायडू और स्टीफन्सन के बीच टेलीफोन पर बातचीत का कथित ऑडियो टेप विभिन्न टेलीविजन चैनलों पर सात जून को जारी हुआ था। तेलंगाना में तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) की सरकार ने इस घोटाले के पीछे आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू का हाथ होने का आरोप लगाया है।

तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक अनुराग शर्मा, एसीबी प्रमुख ए.के.खान और हैदराबाद के पुलिस आयुक्त महेंद्र रेड्डी ने बुधवार को मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव से मुलाकात की।

हैदराबाद उच्च न्यायालय रेवंत की जमानत याचिका पर सुनवाई 24 जून को करेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493