नई दिल्ली, 1 नवंबर (आईएएनएस)। फिल्म जगत के प्रख्यात गायक एस. पी. बालासुब्रह्मण्यम को आगामी 47वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में वर्ष के सर्वश्रेष्ठ भारतीय फिल्मी हस्ती को दिया जाने वाला शताब्दी पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री वेंकैया नायडू ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
नायडू ने कहा, “बालासुब्रह्मण्यम को उनकी प्रतिभा के लिए यह पुरस्कार दिया जाएगा। वह पिछले पांच दशकों से फिल्म जगत में सक्रिय हैं और 40,000 से अधिक गीतों को अपनी आवाज दे चुके हैं। वह तेलुगू, तमिल, कन्नड़ और मलयालम के साथ-साथ हिंदी में बेहद प्रतिष्ठित गायक हैं। वह मधुर आवाज के मालिक हैं और कठिन मेहनत करने में विश्वास रखते हैं। यह फिल्म जगत को दिए उनके योगदान के लिए इनाम नहीं, बल्कि पुरस्कार है।”
बालासुब्रह्मण्यम छह बार राष्ट्रीय पुरस्कार पा चुके हैं और उनके नाम सर्वाधिक गीत गाने का रिकॉर्ड है। उन्हें प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्मश्री और पद्मभूषण से भी नवाजा जा चुका है।
70 वर्ष के हो चुके बालासुब्रह्मण्यम को हिंदी फिल्म ‘एक दूजे के लिए’ के गीत ‘तेरे मेरे बीच में..’ और ‘हम आपके हैं कौन’ के गीतों के लिए जाना जाता है।
आईएफएफआई-2016 का आयोजन गोवा में 20 से 28 नवंबर के बीच होगा।
dharmpath.com dharmpath