एस. पी. सिंह तेलंगाना के नए मुख्य सचिव नियुक्त

हैदराबाद, 1 जनवरी (आईएएनएस)। शेखर प्रसाद सिंह ने रविवार को तेलंगाना के नए मुख्य सचिव का कार्यभार संभाल लिया।

सिंह को के. प्रदीप चंद्र के सेवानिवृत्त होने के बाद नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है।

इससे पहले, राज्य सरकार ने सिंह को नया मुख्य सचिव नियुक्त करने का आदेश जारी किया था।

तेलंगाना के मुख्य सचिव के रूप में नियुक्त होने से पहले सिंह पंचायत राज विभाग में विशेष मुख्य सचिव के रूप में सेवा दे चुके हैं।

चंद्र ने एक माह पहले ही मुख्य सचिव के रूप में कार्यभार संभाला था। उनके कार्यकाल में विस्तार नहीं किया गया और इस कारण सिंह को नया मुख्य सचिव चुना गया।

सिंह भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1983 बैच से हैं। मुख्य सचिव की दौड़ में सिंह के अलावा एम.जी गोपाल भी थे, लेकिन सरकार ने सिंह को प्राथमिकता दी।

राजीव शर्मा के सेवानिवृत्त होने के बाद एक माह पहले ही चंद्र को मुख्य सचिव नियुक्त किया गया था। शर्मा को सरकार के मुख्य सलाहकार के रूप में नियुक्त किया गया है।

इस बीच, सरकार ने ए.के. खान को सरकार के अल्पसंख्यक मामलों के सलाहकार के रूप में नियुक्त किया। खान भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी हैं। वह भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के महानिदेशक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।

एसीबी के महानिदेशक के पद से खान के सेवानिवृत्त होने के बाद चारू सिन्हा को नया महानिदेशक चुना गया।

इसके अलावा, राज्य सरकार ने अरविंद कुमार को नई दिल्ली में तेलंगाना भवन का नया आवासीय आयुक्त नियुक्त किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493