लंदन, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। पृथ्वी पर 60 करोड़ साल पहले जीव की उत्पत्ति के लिए जरूरी ऑक्सीजन स्तर को बनने में करीब 10 करोड़ साल लगे थे। एक नए शोध में यह जानकारी दी गई है।
यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ लंदन के मुख्य शोधार्थी फिलिप पोग का कहना है, इस अध्ययन का उद्देश्य जलवायु के विकास और जीवन के विकास के बीच संबंध पता लगाना था।
शोधार्थियों ने अमेरिका, चीन और कनाडा में नए ट्रेसर के इस्तेमाल से करोड़ों साल पहले के ऑक्सीजन स्तर को समझने की कोशिश की है।
शोधार्थियों ने चट्टानों में सेलिनियम आइसोटोप के जरिए पता लगाया है कि पृथ्वी पर उस समय ऑक्सीजन का स्तर 1 प्रतिशत से भी कम था जिसे 10 प्रतिशत या मौजूद स्तर तक बनने में लगभग 10 करोड़ साल का समय लगा।
यह यकीनन पृथ्वी के इतिहास में सबसे महत्वपूर्ण घटना थी क्योंकि यह जीव की उत्पत्ति की एक शुरुआत थी जो अब तक बरकरार है।
वैज्ञानिक स्ट्रैंडमैन कहते हैं, “हम यह देखकर चकित हो गए थे कि पृथ्वी पर ऑक्सीजन बनने में इतना समय लगा। हमारा शोध उन सभी सिंद्धातों से अलग है जो यह बताते हैं कि ऑक्सीजन उत्पादन एक त्वरित प्रक्रिया थी।”
आज तक इस बात का पता नहीं चल पाया है कि पृथ्वी का वायुमंडल और महासागर कितनी तेजी से ऑक्सीजनयुक्त जाते हैं। अब तक यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पशु जीवन का विस्तार आक्सीजन स्तर बढ़ने के बाद हुआ या पूर्व में हो चुका था।
यह अध्ययन ‘जर्नल नेचर कम्यूनिकेशन’ पत्रिका में प्रकाशित किया गया है।
dharmpath.com dharmpath